

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना।
मुख्यमंत्री साय ने मोदी सरकार का जताया आभार।
छत्तीसगढ़ में रेल विकास को नई रफ्तार।
सीएम बोले- आने वाले दिनों में धमतरी तक भी ट्रेन सेवा शुरू होगी।
Two New Train Start in Chhattisgarh: विजयादशमी के अवसर पर छत्तीसगढ़ को मिली नई रेल सेवाओं के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में रेलवे के बढ़ते नेटवर्क को विकास की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ के लिए शुभ है। रायपुर से रावघाट और रायपुर से कुरूद के बीच नई ट्रेन सेवाओं की शुरुआत से यात्रियों को सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में धमतरी तक भी ट्रेन सेवा शुरू होगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रावघाट में खड़ी ट्रेन रायपुर पहुंचेगी जबकि रायपुर में खड़ी ट्रेन कुरूद के लिए रवाना होगी। उन्होंने इस शुरुआत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया। प्रदेश में रेलवे के बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है और इसका लाभ आने वाले समय में दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक पहुंचेगा। केंद्र सरकार के कार्यकाल के दौरान रेल बजट में हुई बढ़ोतरी का जिक्र किया।
CM साय ने कहा कि यूपीए सरकार के समय छत्तीसगढ़ को रेलवे के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, जबकि अब यह बढ़कर करीब 7,500 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेल परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया है। राजनांदगांव, अंबिकापुर, बरवाडीह और रावघाट से जगदलपुर की दिशा में रेल संपर्क बढ़ने से जुड़ी परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि आठ रेलवे स्टेशन बनकर तैयार हो चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री ने नए रेलवे स्टेशनों की तस्वीरें भी दिखाईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से जशपुर जिले को धरमजयगढ़ की दिशा में रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग की थी। इस मांग को परियोजनाओं में शामिल किया गया है। इसके लिए उन्होंने रेल मंत्री का आभार जताया। अब इन योजनाओं के पूरा होने और धमतरी सहित अन्य क्षेत्रों तक नियमित रेल सुविधा पहुंचने का इंतजार है।