

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का गुजरात दौरा।
महिला सशक्तिकरण और डेयरी विकास पर चर्चा।
गांधीनगर के नंद घर का किया अवलोकन।
दत्तक ग्रहण एजेंसी और बॉयज हॉस्टल का किया निरीक्षण।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर सरदार पटेल को किया नमन।
Chhattisgarh Minister Lakshmi Rajwade Gujarat Visit : छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण, आंगनबाड़ी सुविधाओं और डेयरी विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े गुजरात के प्रवास पर हैं। अपने दौरे के दौरान उन्होंने गांधीनगर में विभिन्न संस्थानों का अवलोकन किया और वहां संचालित योजनाओं, आधुनिक सुविधाओं तथा नवाचारों की जानकारी ली।
इस दौरान महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, बस्तर में डेयरी विकास की संभावनाओं और बच्चों के पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
गुजरात प्रवास के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गांधीनगर में गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान बस्तर क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण, महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और डेयरी गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। चर्चा में इस दिशा में किए जा सकने वाले प्रयासों और संभावित योजनाओं पर भी बात हुई।
मंत्री राजवाड़े ने गांधीनगर यूनिट-2 के ग्राम कराई स्थित नंद घर (आंगनबाड़ी केंद्र) का भी अवलोकन किया। यहां बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने नंद घर में आधुनिक सुविधाओं और नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से सीख लेकर छत्तीसगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्रों को भी अधिक सुविधायुक्त और बेहतर बनाया जा सकता है।
अपने प्रवास के दौरान मंत्री ने गांधीनगर स्थित विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी (Specialized Adoption Agency) का निरीक्षण किया। यहां बच्चों की देखभाल और उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद सेक्टर-15 स्थित समर्थ बॉयज हॉस्टल पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया।
इससे पहले गांधीनगर सचिवालय में उन्होंने गुजरात सरकार की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री डॉ. मनीषाबेन वकील से भी मुलाकात की। इस अवसर पर गुजरात महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव राकेश शंकर, सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा और छत्तीसगढ़ महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक रेणुका श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।
गुजरात प्रवास के दौरान गत दिवस मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने केवड़िया स्थित विश्वप्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भी दौरा किया। यहां उन्होंने देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की विशाल प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा भी मौजूद रहीं। मंत्री ने सरदार पटेल के साहस, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति उनके योगदान को देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
गुजरात प्रवास के दौरान विभिन्न संस्थानों की कार्यप्रणाली, नवाचारों एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन कर उनके अनुभवों को छत्तीसगढ़ में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण के क्षेत्र में उपयोगी बनाने की दिशा में यह भ्रमण महत्वपूर्ण रहा।