26/11 के जांबाज अफसर अब रायपुर में संभाल रहे रेल सुरक्षा, कसाब-अबू इस्माइल को दिया था मुंहतोड़ जवाब

Raipur Railway Security : आतंकियों से डटकर मुकाबला करने वाले रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी संदीप तानाजी खिरटकर आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रेल यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
Raipur Railway Security
रायपुर रेल सुरक्षासोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • 26/11 हमले के जांबाज अफसर अब रायपुर में तैनात।

  • संदीप खिरटकर ने मुंबई हमले में संभाला था मोर्चा।

  • कसाब और अबू इस्माइल पर की थी जवाबी फायरिंग।

  • आतंकियों की गतिविधियों का CCTV फुटेज किया सुरक्षित।

  • बहादुरी के लिए 2010 में मिला पुलिस वीरता पदक।

Chhattisgarh Raipur Railway Security : 26 नवंबर 2008 की वह भयावह रात, जब मुंबई आतंकी हमले से पूरा देश दहल उठा था। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पर गोलियों की आवाज गूंज रही थी और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल था।

उस समय आतंकियों के सामने डटकर मुकाबला करने वाले रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अधिकारी संदीप तानाजी खिरटकर आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रेल यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

वे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर मंडल में सहायक सुरक्षा आयुक्त (ASC) के पद पर कार्यरत हैं।

26/11 आतंकी हमले की बरसी पर उनकी बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा की कहानी एक बार फिर याद की जा रही है। उस रात खिरटकर मुंबई के CSMT स्टेशन पर आरपीएफ इंस्पेक्टर के रूप में तैनात थे। सुप्रीम कोर्ट के फैसले में बतौर गवाह (PW-66) दर्ज विवरण के मुताबिक हमले की सूचना मिलते ही वे घर से बाइक लेकर कुछ ही मिनटों में स्टेशन पहुंच गए थे।

राइफल लेकर आतंकियों के सामने संभाला मोर्चा

स्टेशन पहुंचने के बाद खिरटकर ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए जीएम ऑफिस के पास स्थित शस्त्रागार से प्वाइंट 303 राइफल और 20 कारतूस लिए। इसके बाद एसआई भोसले और इंस्पेक्टर क्षीरसागर के साथ डीएन रोड के नजदीक जीएम पोर्च में मोर्चा संभाल लिया।

इसी दौरान उनकी नजर एके-47 से लैस दो आतंकियों अजमल कसाब और अबू इस्माइल पर पड़ी। दोनों सबवे के पास से पोर्च की ओर बढ़ रहे थे। आतंकियों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में खिरटकर और उनकी टीम ने भी मोर्चा संभालते हुए गोलियां चलाईं। अचानक हुए इस प्रतिरोध से आतंकियों को अपना रास्ता बदलना पड़ा। वे स्टेशन के भीतर से प्लेटफॉर्म नंबर-1 और फुट ओवरब्रिज की ओर निकल गए।

Raipur Railway Security
महासमुंद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से 52 किलो चांदी और लाखों की नकदी बरामद

आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के बाद जुटाए अहम सबूत

खिरटकर ने केवल आतंकियों को रोकने तक अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि इसके बाद वे सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचे। वहां जांच के दौरान पता चला कि रखरखाव के कारण मेन लाइन के कैमरे बंद थे, लेकिन लोकल लाइन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 और मेन हॉल में लगे कैमरों में आतंकियों की गतिविधियां रिकॉर्ड हो चुकी थीं।

इन कैमरों में कैद फुटेज आगे चलकर मामले की न्यायिक प्रक्रिया में महत्वपूर्ण सबूत साबित हुई। इस तरह खिरटकर ने आतंकियों का मुकाबला करने के साथ-साथ जांच के लिए अहम साक्ष्य सुरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

2010 में मिला पुलिस वीरता पदक

26/11 हमले के दौरान दिखाए गए अदम्य साहस और बहादुरी के लिए संदीप तानाजी खिरटकर को वर्ष 2010 में गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया गया। मुंबई में अपनी सेवाएं देने के बाद उन्होंने आमला और पुणे जंक्शन पर भी जिम्मेदारी संभाली।

आज वही जांबाज अधिकारी रायपुर मंडल में रेल सुरक्षा की कमान संभाल रहे हैं। मुंबई की उस खौफनाक रात में आतंकियों के सामने डटकर खड़े होने और महत्वपूर्ण सबूत सुरक्षित रखने वाले खिरटकर की कहानी बताती है कि सुरक्षा बलों के जवानों का साहस और कर्तव्यनिष्ठा किसी एक घटना तक सीमित नहीं रहती। आज उनकी जिम्मेदारी रायपुर में रेल सुरक्षा को मजबूती दे रहे हैं।

Raipur Railway Security
राजिम मेले की पुरानी पहचान पर संकट, मड़ई नदी से दूर, संगम स्नान और स्थानीय कारोबार पर सवाल