विधानसभा उपचुनाव परिणाम 2026: गुजरात, नागालैंड और त्रिपुरा में खिला कमल, 5 राज्यों की 7 सीटों का ऐसा है हाल

Assembly By Election Results: देश की 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। गुजरात, नागालैंड, त्रिपुरा में BJP उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है, जबकि बारामती सीट पर सुनेत्रा पवार आगे है।
BJP Wins Assembly By-Election Results
उपचुनाव में भाजपा की जीत (सौजन्य-IANS)
Published on
Updated on

BJP Wins Assembly By-Election Results: देश के विभिन्न राज्यों कर्नाटक, नागालैंड, त्रिपुरा, गुजरात और महाराष्ट्र की 7 सीटों पर हुए विधानसभा उपचुनावों की मतगणना लगभग खत्म होने वाली है। इसके परिणाम व रुझान तेजी से सामने आ रहे हैं। शुरुआती रुझानों और नतीजों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन राज्यों में शानदार जीत हासिल की है।

जानकारी के अनुसार, भाजपा ने गुजरात की उमरेठ, नागालैंड की कोरिडांग और त्रिपुरा की धर्मनगर सीट पर अपना परचम लहराया है। वहीं, कर्नाटक की बागलकोट सीट पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया है और महाराष्ट्र की चर्चित बारामती सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की सुनेत्रा पवार मजबूत बढ़त के साथ आगे चल रही हैं।

गुजरात, नागालैंड और त्रिपुरा में भाजपा की विजय

गुजरात के आणंद जिले की उमरेठ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के हर्षदभाई गोविंदभाई परमार ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार भृगुराजसिंह चौहान को 30,743 मतों के भारी अंतर से हराया। इस चुनाव में हर्षदभाई गोविंदभाई परमार को कुल 85,500 वोट प्राप्त हुए। विदित हो कि यह सीट पूर्व में भाजपा विधायक गोविंद परमार के निधन के बाद रिक्त हुई थी, जिसके बाद पार्टी ने उनके बेटे हर्षद परमार को उम्मीदवार बनाया था।

भारत निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, नागालैंड की कोरिडांग सीट पर भी भाजपा के दाओचिर आई इम्चेन ने जीत का स्वाद चखा है। उन्हें कुल 7,317 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार तोशीकाबा को मात्र 4,194 वोट हासिल हुए।

इसी तरह, त्रिपुरा की धर्मनगर सीट पर भी भाजपा के जाहर चक्रवर्ती ने अपना दबदबा कायम रखा। उन्होंने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के अमिताभ दत्ता को 18,290 वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया। इस सीट पर जाहर चक्रवर्ती को कुल 24,291 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के चयन भट्टाचार्य तीसरे स्थान पर रहे।

कर्नाटक में कांग्रेस का प्रदर्शन

उपचुनाव के नतीजों में कर्नाटक से कांग्रेस के लिए अच्छी खबर आई है। राज्य की बागलकोट विधानसभा सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार उमेश मेटी ने 22,332 मतों के अंतर से जीत हासिल की है। उमेश मेटी को कुल 98,919 वोट मिले, जबकि उनके मुकाबले में खड़े भाजपा के वीरन्ना चरंतिमठ को 76,075 वोटों से संतोष करना पड़ा। इसके अलावा, कर्नाटक के ही दावणगेरे साउथ क्षेत्र में सामर्थ शमनूर मल्लिकार्जुन 4,967 वोटों की बढ़त के साथ आगे चल रहे हैं, जहां भाजपा के श्रीनिवास टी दसाकरियप्पा दूसरे नंबर पर हैं।

महाराष्ट्र के बारामती में सुनेत्रा पवार आगे

महाराष्ट्र की सबसे चर्चित सीटों में से एक बारामती विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में एनसीपी उम्मीदवार सुनेत्रा पवार (पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी) 1,21,528 वोटों के भारी अंतर से आगे चल रही हैं, जिससे उनकी जीत तय मानी जा रही है।

5 राज्यों के मुख्य विधानसभा चुनावों के ऐसे हैं रुझान

उपचुनावों के परिणामों के साथ-साथ असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में हुए मुख्य विधानसभा चुनावों के नतीजे भी घोषित किए जा रहे हैं। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, असम में भाजपा 78 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस केवल 21 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, पश्चिम बंगाल में भी भाजपा ने अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई है और वह 191 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) 97 सीटों पर बढ़त के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com