

1998 में शिवनाथ नदी के 23 KM हिस्से का अधिकार निजी कंपनी को मिला।
2007 में लोक लेखा समिति ने जांच कर समझौता रद्द करने की सिफारिश की।
मामले में तत्कालीन MD जीएस मिश्रा की भूमिका पर उठे सवाल।
पांच करोड़ की संपत्ति एक रुपये में सौंपने का आरोप।
नदी के पानी और घाटों के इस्तेमाल पर ग्रामीणों का विरोध।
Chhattisgarh Shivnath River Water Rights Controversy: छत्तीसगढ़ की जीवनरेखा कही जाने वाली शिवनाथ नदी के पानी को लेकर करीब 28 साल पुराना एक ऐसा समझौता है, जिसने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्ष 1998 में नदी के करीब 23 किलोमीटर हिस्से के जल उपयोग और आपूर्ति का अधिकार निजी कंपनी रेडियस वाटर लिमिटेड को सौंप दिया गया।
आरोप है कि पांच करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी संपत्तियां महज एक रुपये के सांकेतिक मूल्य पर दे दी गईं। विधानसभा की लोक लेखा समिति ने भी इस समझौते पर सवाल उठाए थे। आखिर क्या था यह समझौता, किसकी थी जिम्मेदारी और कैसे प्रभावित हुए ग्रामीणों के नदी पर परंपरागत अधिकार? आज समझते हैं पूरी कहानी।
मामला की जांच छत्तीसगढ़ विधानसभा की लोक लेखा समिति ने की। मार्च 2007 में पेश अपनी 64वीं रिपोर्ट में समिति ने समझौते को तत्काल निरस्त करने, सरकारी परिसंपत्तियां वापस लेने और तत्कालीन अधिकारियों सहित निजी कंपनी के जिम्मेदार पदाधिकारी के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की सिफारिश की।
इस रिपोर्ट में तत्कालीन प्रबंध संचालक जीएस मिश्रा का नाम भी दर्ज था। बाद की मीडिया रिपोर्टों में उनकी पहचान पूर्व आईएएस गणेश शंकर मिश्र के रूप में की गई। लेकिन समिति की सिफारिश और अदालत में अपराध साबित होना दो अलग-अलग बातें हैं।
इस पूरे मामले की शुरुआत वर्ष 1996 में हुई थी। उस समय दुर्ग जिले के बोरई औद्योगिक क्षेत्र में उद्योगों को पानी उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही थी। 26 जून 1996 को एचईजी कंपनी ने मध्यप्रदेश औद्योगिक केंद्र विकास निगम, रायपुर को पत्र लिखकर प्रतिदिन 24 लाख लीटर पानी की जरूरत बताई थी। इसके बाद शिवनाथ नदी पर एनीकट बनाने और जल आपूर्ति की योजना पर काम शुरू हुआ। लेकिन आगे चलकर इस परियोजना में रेडियस वाटर लिमिटेड की एंट्री हो गई।
लोक लेखा समिति की जांच में सवाल उठाया गया कि जिस परियोजना में एचईजी के साथ संयुक्त रूप से काम करने की योजना थी उसमें अचानक दूसरी कंपनी कैसे आ गई? समिति ने यह भी सवाल किया कि पहले से प्रक्रिया में शामिल कंपनी की जगह दूसरी कंपनी महज 24 घंटे के भीतर कैसे सामने आ गई।
5 अक्टूबर 1998 को मध्यप्रदेश औद्योगिक केंद्र विकास निगम और रेडियस वाटर लिमिटेड के बीच समझौता हुआ। कंपनी को शिवनाथ नदी के लगभग 23 किलोमीटर हिस्से में बैराज बनाकर बोरई औद्योगिक क्षेत्र को पानी उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई। अनुबंध की अवधि 22 साल निर्धारित की गई थी।
इस मामले में तत्कालीन आईएएस गणेश शंकर मिश्र की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण सवालों में से एक है। वर्ष 1998 में वे मध्यप्रदेश औद्योगिक केंद्र विकास निगम रायपुर के प्रबंध संचालक थे। लोक लेखा समिति की रिपोर्ट में तत्कालीन एमडी जीएस मिश्रा का उल्लेख है।
रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने निगम की ओर से रेडियस वाटर लिमिटेड के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। समिति ने आरोप लगाया कि समझौते के दौरान महत्वपूर्ण तथ्यों की अनदेखी की गई और सरकार को पूरी जानकारी दिए बिना ऐसा अनुबंध किया गया जिससे सरकारी हित प्रभावित हुए।
समिति की रिपोर्ट में कहा गया कि निगम के पास निजी कंपनी को जल आपूर्ति की जिम्मेदारी सौंपने का अधिकार नहीं था। इसके अलावा पांच करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की सरकारी परिसंपत्तियां महज एक रुपये के सांकेतिक मूल्य पर निजी कंपनी को सौंपने पर भी सवाल उठाए गए। समिति ने जीएस मिश्रा के इस कृत्य को आपराधिक बताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की थी।
इस समझौते की एक और शर्त विवाद का बड़ा कारण बनी। लोक लेखा समिति के अनुसार अनुबंध में प्रतिदिन न्यूनतम चार मिलियन लीटर यानी 4 एमएलडी पानी के भुगतान की गारंटी रखी गई थी। जबकि उस समय उद्योगों की वास्तविक मांग 1.14 से 2.4 एमएलडी के बीच थी।
इसके बावजूद निगम को न्यूनतम चार एमएलडी के हिसाब से भुगतान करना था। समिति के मुताबिक कंपनी पानी की निर्धारित मात्रा उपलब्ध नहीं करा पाती तो उस पर 3,000 रुपये प्रति एमएलडी की दर से जुर्माना लगना था जबकि भुगतान की दर 12,600 रुपये प्रति एमएलडी थी। समिति ने इसे निजी कंपनी के पक्ष में बनाई गई शर्त बताया। उसका आकलन था कि दिसंबर 2000 से जून 2002 के बीच निगम को करीब 1.29 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
जनवरी 2001 में बैराज का निर्माण शुरू होने के बाद विवाद और बढ़ गया। नदी के आसपास रहने वाले ग्रामीणों और मछुआरों ने आरोप लगाया कि कंपनी ने नदी के पानी और घाटों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाना शुरू कर दिया। नदी से सिंचाई करने वाले किसानों, मछली पकड़ने वाले परिवारों और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए नदी पर निर्भर ग्रामीणों की परेशानी बढ़ी।
स्थानीय स्तर पर विरोध प्रदर्शन हुए। नदी घाटी संघर्ष से जुड़े संगठनों ने भी इस मामले को उठाया। इस विवाद ने एक बुनियादी सवाल खड़ा किया कि क्या किसी औद्योगिक परियोजना के लिए नदी के एक हिस्से पर निजी कंपनी को ऐसा अधिकार दिया जा सकता है जिससे स्थानीय लोगों के परंपरागत उपयोग पर असर पड़े?