छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश से खेतों में सड़ रही धान की फसल, खरीदी की समय सीमा बढ़ाने की मांग

Unseasonal Rain in Chhattisgarh : बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी। कहीं खेतों में तैयार धान की फसल पानी में डूबी हुई, तो कहीं तेज हवाओं से जमीन पर बिछी बालियां सड़ने की कगार पर पहुंच गई हैं।
Paddy crop damaged
छत्तीसगढ़ बेमौसम बारिशसोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • बेमौसम बारिश से किसानों की बढ़ी मुश्किलें।

  • राजिम में खेतों में गिरी धान की फसल।

  • बारिश से धान की कटाई और मिंजाई का काम प्रभावित।

  • टोकन कटने के बाद भी नहीं बेच पा रहे धान।

  • धनेंद्र साहू ने तारीख बढ़ाने और मुआवजे की मांग की।

Unseasonal Rain in Raipur, Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कहीं खेतों में पककर तैयार धान की फसल पानी में डूबी हुई है, तो कहीं तेज हवाओं से जमीन पर बिछी बालियां अब सड़ने की कगार पर पहुंच गई हैं। दूसरी ओर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समय सीमा किसानों की चिंता बढ़ा रही है।

खेतों में पानी भरने से कटाई और मिंजाई का काम प्रभावित है। वहीं खरीदी केंद्रों तक धान पहुंचाना भी चुनौती बन गया है। ऐसे में किसानों के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि जब मौसम साथ नहीं दे रहा, तो वे तय समय सीमा में अपनी उपज कैसे बेच पाएंगे?

प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बारिश का असर दिखाई दे रहा है। कांकेर में चक्रवाती मौसम के प्रभाव से हुई बारिश ने धान खरीदी केंद्रों और खेतों में रखी फसल की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

खरीदी केंद्रों में खुले में रखा धान भीगने और उसकी गुणवत्ता खराब होने का खतरा है। वहीं जिन किसानों ने धान की कटाई कर उसे घर, आंगन या खेतों में रखा है, उन्हें भी फसल बचाने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है।

राजिम में खेतों में गिरी धान की फसल

रायपुर जिले के राजिम क्षेत्र में किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। पहले अर्नब तूफान के प्रभाव से चली तेज हवाओं और बारिश के कारण पककर तैयार धान की फसल खेतों में गिर गई थी। अब दोबारा हुई बारिश से खेतों में पानी भर गया है और जमीन पर गिरी धान की बालियां पानी में डूबी हुई हैं। लंबे समय तक नमी में रहने से फसल के खराब होने और सड़ने का खतरा पैदा हो गया है।

किसानों का कहना है कि इस बार उन्होंने धान की खेती में काफी मेहनत और पूंजी लगाई थी। फसल पककर तैयार थी और कटाई की तैयारी चल रही थी, लेकिन लगातार बदलते मौसम ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। खेतों में पानी भरने से उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। कई किसानों को अपनी पूरी फसल बर्बाद होने का डर सता रहा है।

Paddy crop damaged
छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों की बढ़ेगी मुसीबत, दिसंबर में 3 दिन रद्द रहेगी ये ट्रेन

सब्जी उत्पादकों की भी बढ़ी चिंता

बेमौसम बारिश का असर केवल धान की फसल तक सीमित नहीं है। टमाटर, मिर्च, गोभी, बैंगन और दूसरी मौसमी सब्जियों की खेती करने वाले किसानों को भी नुकसान की आशंका है। खेतों में पानी भरने से पौधों में रोग लग सकते हैं और सब्जियों की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। इससे किसानों की आमदनी पर असर पड़ने के साथ बाजार में सब्जियों की आवक भी घट सकती है। ऐसी स्थिति में आम लोगों को महंगी सब्जियों का सामना करना पड़ सकता है।

टोकन कटने के बाद भी धान नहीं बेच पाए तो किसान का क्या कसूर?

बेमौसम बारिश के बीच धान खरीदी की समय सीमा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं किसान नेता धनेंद्र साहू ने सरकार से धान खरीदी की अवधि बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस बार खरीदी का समय लगभग एक माह कम कर दिया गया है। लगातार बारिश से खेतों में पानी भर गया है और आगामी 10 से 15 दिनों तक कई खेतों में ट्रैक्टर और हार्वेस्टर पहुंचना मुश्किल है। ऐसे में किसान कटाई, मिंजाई और परिवहन कैसे कर पाएंगे?

Dhanendra Sahu
छत्तीसगढ़ बेमौसम बारिशसोर्स- नवभारत लाइव

धनेंद्र साहू ने कहा कि कई किसानों के टोकन कट चुके हैं, लेकिन बारिश के कारण वे तय तारीख पर धान खरीदी केंद्र तक उपज नहीं पहुंचा पा रहे हैं। ऐसे किसानों के टोकन निरस्त करने के बजाय उन्हें नई तारीख दी जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि खरीदी की अंतिम तारीख बढ़ाई जाए और जरूरत पड़ने पर तब तक खरीदी जारी रखी जाए, जब तक प्रदेश के अंतिम किसान का एक-एक दाना धान नहीं खरीद लिया जाता।

गिरदावरी की गड़बड़ी और पटवारियों की हड़ताल ने बढ़ाई मुश्किल

धनेंद्र साहू ने कहा कि किसानों की परेशानी केवल बारिश तक सीमित नहीं है। गिरदावरी में गड़बड़ियों के कारण कई किसानों का वास्तविक कृषि रकबा कम दर्ज होने की शिकायतें हैं। उनके मुताबिक, प्रदेश में लगभग ढाई लाख एकड़ से अधिक कृषि रकबा प्रभावित होने की शिकायतें सामने आई हैं। वहीं पटवारियों की लंबे समय से जारी हड़ताल के कारण प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है। इससे बारिश से हुई फसल क्षति का सर्वे भी प्रभावित होने की आशंका है।

Paddy crop damaged
छत्तीसगढ़ में लिपिक संवर्ग की 45 साल पुरानी मांग, 2,800 ग्रेड पे के लिए फिर उठी आवाज

उन्होंने सरकार से पटवारियों की हड़ताल समाप्त कराने, गिरदावरी की त्रुटियां सुधारने और प्रभावित किसानों का वास्तविक रकबा बहाल करने की मांग की है। साथ ही खेतों में खड़ी और खलिहानों में रखी धान की फसल का विशेष सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान के आधार पर मुआवजा देने की बात कही है।

किसानों ने मांगा मुआवजा, ऋण माफी और फसल बीमा का लाभ

राजिम सहित रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के प्रभावित किसानों ने शासन-प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर राहत देने की मांग उठाई है। किसानों की मांग है कि प्रभावित फसलों का निष्पक्ष आकलन किया जाए, कृषि ऋण माफ किया जाए और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत नियमानुसार मुआवजा दिया जाए। उनका कहना है कि समय पर आर्थिक सहायता नहीं मिलने से अगली खेती की तैयारी और परिवार की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो सकता है।

वहीं धान खरीदी केंद्रों पर भी तिरपाल, सुरक्षित भंडारण और पानी निकासी की पर्याप्त व्यवस्था जरूरी है, ताकि खुले में रखा धान बारिश से खराब न हो। किसानों को भी खुले में रखी फसल को तिरपाल से ढकने और खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी जा रही है।