छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों की बढ़ेगी मुसीबत, दिसंबर में 3 दिन रद्द रहेगी ये ट्रेन

Chhattisgarh Railways News : छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच रेल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। दिसंबर में रेलवे ने कुछ ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है।
Railways News
छत्तीसगढ़ बिलासपुर रेलवे न्यूजसोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • दिसंबर में ये पैसेंजर ट्रेन तीन दिन रहेगी रद्द।

  • 21, 24 और 26 दिसंबर को दोनों दिशाओं में नहीं चलेगी ट्रेन।

  • बृंदामल स्टेशन पर फ्लाईओवर लाइन जोड़ने का होगा काम।

  • 26 दिसंबर को हीराकुंड एक्सप्रेस चार घंटे देरी से होगी रवाना।

  • सफर से पहले NTES ऐप पर करे चेक।

Chhattisgarh Bilaspur Railway News : छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच रेल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। दिसंबर में रेलवे ने कुछ ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। इसके चलते टिटलागढ़-बिलासपुर रूट पर चलने वाली पैसेंजर ट्रेन तीन दिन रद्द रहेगी।

वहीं लंबी दूरी की हीराकुंड एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से देरी से रवाना होगी। ऐसे में दिसंबर में यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

दरअसल दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत बृंदामल स्टेशन पर फ्लाईओवर लाइन को जोड़ने का काम किया जाना है। इसके लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य होगा। रेलवे के इस तकनीकी कार्य के चलते कुछ ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से प्रभावित रहेगा।

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 58213/58214 टिटलागढ़-बिलासपुर-टिटलागढ़ पैसेंजर ट्रेन 21, 24 और 26 दिसंबर को दोनों दिशाओं में रद्द रहेगी। यानी इन तारीखों पर टिटलागढ़ से बिलासपुर और बिलासपुर से टिटलागढ़ के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को दूसरे साधनों का विकल्प तलाशना होगा।

हीराकुंड एक्सप्रेस भी चलेगी देरी से

पैसेंजर ट्रेन के अलावा लंबी दूरी की हीराकुंड एक्सप्रेस के समय में भी बदलाव किया गया है। गाड़ी संख्या 20807 विशाखापत्तनम-अमृतसर हीराकुंड एक्सप्रेस 26 दिसंबर को अपने निर्धारित समय से चार घंटे की देरी से विशाखापत्तनम से रवाना होगी। इससे ट्रेन के रास्ते में पड़ने वाले स्टेशनों पर पहुंचने के समय पर भी असर पड़ सकता है।

यात्रा से पहले जरूर चेक करें ट्रेन का स्टेटस

रेलवे के तकनीकी कार्य के चलते ट्रेनों के परिचालन में होने वाले बदलाव को देखते हुए यात्रियों को सलाह दी गई है कि स्टेशन के लिए घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। इसके लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या NTES ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे स्टेशन पर अनावश्यक इंतजार और यात्रा के दौरान होने वाली परेशानी से बचा जा सकेगा।