

एयरपोर्ट के नए डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ ने रखी एयरपोर्ट के विकास की कार्ययोजना सामने।
एक रनवे से एक घंटे में अधिकतम 12 विमानों की हो सकती है आवाजाही
नई व्यवस्था लागू होने के बाद 300 मीटर दृश्यता में भी विमान उतर सकेंगे।
सर्दियों में कोहरे के कारण उड़ानों पर पड़ने वाले असर को कम करने की भी तैयारी है।
Swami Vivekananda Airport Raipur: छत्तीसगढ़ में हवाई यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट की तस्वीर बदलने की तैयारी है। एयरपोर्ट के नए डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ ने एयरपोर्ट के विकास की कार्ययोजना सामने रखी। इसमें विमान परिचालन की क्षमता बढ़ाने से लेकर कोहरे में सुरक्षित लैंडिंग, सुरक्षा और यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने तक की योजनाएं शामिल हैं।
फिलहाल रायपुर एयरपोर्ट के एक रनवे से एक घंटे में अधिकतम 12 विमानों की आवाजाही हो सकती है। एयरपोर्ट प्रबंधन की योजना इसे बढ़ाकर पहले 24 और फिर 35 विमानों तक पहुंचाने की है। इसके लिए पैरेलल टैक्सी ट्रैक, रैपिड एग्जिट टैक्सीवे और विमानों की पार्किंग के लिए अतिरिक्त एप्रन बनाए जाएंगे। इससे विमान उतरने के बाद जल्दी रनवे से बाहर निकल सकेंगे और दूसरे विमानों के लिए रास्ता खाली होगा।
स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में 100 करोड़ की लागत से फ्लाइटों के लिए जल्दी ही रैपिड एग्जिट टैक्सी वे (आरईटी) बनेगा। इसके लिए नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को प्रस्ताव भेजा गया है। इसकी स्वीकृति मिलने पर लैंडिंग करने वाले विमानों को रनवे से तेज गति से बाहर निकलने पर रनवे खाली हो जाएगा। इससे दूसरे विमानों को उतरने में आसानी होगी।
सर्दियों में कोहरे के कारण उड़ानों पर पड़ने वाले असर को कम करने की भी तैयारी है। एयरपोर्ट पर कैट-II लैंडिंग सिस्टम लागू किया जा रहा है। अभी विमान उतारने के लिए कम से कम 550 मीटर दृश्यता जरूरी है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद 300 मीटर दृश्यता में भी विमान उतर सकेंगे। इससे कम दृश्यता के दौरान उड़ानों के प्रभावित होने की आशंका कम होगी।
सुरक्षा व्यवस्था में भी बदलाव प्रस्तावित है। इसके तहत एयरपोर्ट के सिटी साइड यानी बाहरी परिसर में भी सीआईएसएफ को जिम्मेदारी देने की तैयारी है। इसके लिए बीसीएएस की मंजूरी का इंतजार है।
यात्रियों की संख्या के लिहाज से भी एयरपोर्ट पर दबाव बढ़ रहा है। यहां रोजाना करीब आठ से साढ़े नौ हजार यात्री आते-जाते हैं। साल 2025-26 में यात्रियों की संख्या 27 लाख से अधिक रही। टर्मिनल की मौजूदा क्षमता 32 लाख यात्रियों की है।
सुविधाओं के विस्तार के लिए 15 चेक-इन काउंटर, चौथी बैगेज स्क्रीनिंग मशीन और डिजीयात्रा सेवा शुरू की गई है। चौथा एयरोब्रिज भी जल्द चालू होगा। विमानों की पार्किंग के स्टैंड नौ से बढ़ाकर 13 किए गए हैं।
टर्मिनल के सामने यातायात सुधारने के लिए दो अतिरिक्त लेन बनाई जा रही हैं। मार्च-अप्रैल 2027 तक यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए बड़ा शेड भी तैयार करने का लक्ष्य है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने वीआईपी आवाजाही के दौरान टर्मिनल के सामने वाहनों को लंबे समय तक खड़ा नहीं करने की अपील भी की है।