राजिम मेले की पुरानी पहचान पर संकट, मड़ई नदी से दूर, संगम स्नान और स्थानीय कारोबार पर सवाल

Chhattisgarh Rajim Mela : धर्मनगरी राजिम की पहचान भगवान राजीव लोचन और कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर के साथ-साथ त्रिवेणी संगम, नदी की मड़ई और सदियों पुरानी धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं से भी जुड़ी है।
Chhattisgarh Rajim Mela
छत्तीसगढ़ राजिम मेलासोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • राजिम मेले का नया स्थल नदी से करीब 3 किमी दूर।

  • पुरानी मड़ई और स्थानीय कारोबार पर असर।

  • त्रिवेणी संगम में स्नान की परंपरा पर सवाल।

  • बैराज निर्माण से कुलेश्वरनाथ मंदिर को लेकर चिंता।

  • लक्ष्मण झूला से मंदिर तक पहुंचने में चुनौती।

Chhattisgarh Gobra Nawapara : धर्मनगरी राजिम की पहचान भगवान राजीव लोचन और कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर के साथ-साथ त्रिवेणी संगम, नदी की मड़ई और सदियों पुरानी धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं से भी जुड़ी रही है। लेकिन समय के साथ राजिम मेले का स्वरूप बदलता जा रहा है। नदी के बीच और नदी किनारे होने वाले कई धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक आयोजन अब नए मेला स्थल पर स्थानांतरित हो रहे हैं।

इससे नदी क्षेत्र का पुराना मेला नजारा धीरे-धीरे सिमटता जा रहा है। स्थानीय लोगों के बीच इसे लेकर परंपरा, धार्मिक आस्था और छोटे कारोबारियों की आजीविका पर असर पड़ने की चिंता बढ़ रही है।

नदी से दूर हुई मड़ई, पुराने कारोबार पर असर

स्थानीय लोगों के मुताबिक, राजिम मेले की असली रौनक नदी, घाट, त्रिवेणी संगम और कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर के आसपास दिखाई देती थी। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक नदी क्षेत्र में ही समय बिताते थे। इससे नवापारा और राजिम के नदी किनारे स्थित दुकानदारों, खानपान केंद्रों और छोटे व्यापारियों को अच्छा कारोबार मिलता था।

अब मेले का बड़ा हिस्सा नगर से करीब तीन किलोमीटर दूर नए स्थल पर आयोजित होने लगा है। मुख्य मंच, मीना बाजार और दुकानों के स्थानांतरण से पुराने मेला क्षेत्र में लोगों की आवाजाही कम होने की बात स्थानीय व्यापारी कह रहे हैं। शाम और रात में परिवार के साथ मेला घूमने जाने वालों को दूरी और आवागमन की परेशानी भी होती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि नए मेला स्थल के विकास के बीच पुराने क्षेत्र के छोटे व्यापारियों की आजीविका का ध्यान कौन रखेगा?

Rajim Mela
छत्तीसगढ़ गोबरा नवापारासोर्स- नवभारत लाइव

त्रिवेणी संगम के पुण्य स्नान को लेकर भी सवाल

राजिम की धार्मिक पहचान का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों का त्रिवेणी संगम है। कार्तिक पूर्णिमा सहित विभिन्न पर्वों पर यहां पुण्य स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर के आसपास का नदी क्षेत्र भी इस धार्मिक परंपरा का प्रमुख केंद्र रहा है।

शासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नए मेला स्थल पर घाटों का निर्माण कराया है, लेकिन स्थानीय लोगों के बीच सवाल है कि क्या नए घाटों पर स्नान करने से पारंपरिक त्रिवेणी संगम में स्नान की धार्मिक अनुभूति और महत्व बना रह पाएगा? नए स्थल पर दो नदियों के मिलन क्षेत्र में घाट होने की बात कही जा रही है। ऐसे में श्रद्धालुओं की आस्था और पारंपरिक स्नान व्यवस्था को लेकर प्रशासन को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

Chhattisgarh Rajim Mela
BSP रिटेंशन किराए में भेदभाव, देवेंद्र यादव ने केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

बैराज निर्माण से कुलेश्वरनाथ मंदिर को लेकर चिंता

दूसरी ओर त्रिवेणी संगम क्षेत्र में बैराज निर्माण की तैयारी ने भविष्य को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है। प्रस्तावित बैराज के कारण नदी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनने पर कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर के चारों ओर पानी भरने की आशंका जताई जा रही है।

ऐसी स्थिति में नदी क्षेत्र में होने वाले धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए जगह सीमित हो सकती है। लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या आने वाले समय में नदी क्षेत्र के सभी कार्यक्रम नए मेला स्थल पर ही आयोजित होंगे और सदियों से चली आ रही नदी मड़ई की परंपरा धीरे-धीरे इतिहास बनकर रह जाएगी?

लक्ष्मण झूला से मंदिर तक पहुंचना भी बन सकता है चुनौती

नदी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनने पर कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक पहुंचने का रास्ता सीमित होने की आशंका भी जताई जा रही है। ऐसी स्थिति में यदि श्रद्धालुओं की आवाजाही मुख्य रूप से लक्ष्मण झूला पर निर्भर होती है, तो अधिक भीड़ के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बड़ी चुनौती बन सकती है।

पहले भी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के चलते लक्ष्मण झूला पर आवाजाही रोकनी पड़ती है। ऐसे में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने पर दर्शन व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। प्रशासन को पुल की क्षमता, भीड़ नियंत्रण और वैकल्पिक रास्तों को लेकर पहले से स्पष्ट योजना बनानी होगी।

Chhattisgarh Rajim Mela
नए आपराधिक कानूनों पर गृहमंत्री विजय शर्मा का जोर, कहा- न्याय प्रणाली के हर स्तंभ का मजबूत होना जरूरी

विकास के साथ पुरानी परंपरा बचाने की चुनौती

राजिम मेले के लिए नए स्थल का विकास और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी हो सकता है, लेकिन इसके साथ नदी क्षेत्र की पुरानी पहचान और परंपराओं को बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। नदी की मड़ई केवल मनोरंजन और खरीदारी का आयोजन नहीं रही, बल्कि यह पूरे अंचल की धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी परंपरा है। इसी मड़ई के बाद आसपास के गांवों में भी मड़ई-मेलों के आयोजन की परंपरा रही है।

मेला आयोजन के लिए नए स्थल का विकास अपनी जगह जरूरी हो सकता है, लेकिन इसके साथ पुराने नदी मेला क्षेत्र की परंपरा, स्थानीय व्यापारियों की आजीविका, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सामने अब कई सवाल हैं। क्या नए मेला स्थल के साथ नदी क्षेत्र के पारंपरिक आयोजनों को भी जीवित रखने की कोई योजना बनेगी? क्या वास्तविक त्रिवेणी संगम में स्नान की परंपरा और कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित की जाएगी?