

Kanker DMF Scam RTI Disclosure : जिला खनिज न्यास निधि (DMF) से कराए जा रहे निर्माण कार्यों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कांकेर ब्लॉक में 36 स्थानों पर टीना शेड निर्माण के लिए 6 करोड़ 12 लाख 30 हजार रुपये खर्च किए जाने की जानकारी सामने आई है। सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर निर्माण कार्यों की लागत, गुणवत्ता और प्रक्रिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
दुर्गूकोंदल ब्लॉक में 41 टीना शेड निर्माण के लिए 8 करोड़ रुपये से अधिक तथा भानुप्रतापपुर ब्लॉक में 70 से अधिक टीना शेड के लिए 10 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए जा रहे इन टीना शेडों के निर्माण में निर्धारित मापदंडों का पालन किया गया या नहीं।
नवभारत की पड़ताल में कांकेर ब्लॉक में टीना शेड निर्माण की लागत और निर्माण प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि निर्माण कार्यों में निर्धारित स्टीमेट और प्रचलित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। यह भी सवाल उठाया जा रहा है कि यदि निर्माण कार्यों के लिए निविदा प्रक्रिया अपनाई जाती, तो क्या इन्हें कम लागत में पूरा किया जा सकता था।
मामले में निर्माण एजेंसी के रूप में ग्राम पंचायतों की भूमिका और स्वीकृत राशि के उपयोग की भी जांच किए जाने की मांग उठ रही है। सवाल यह भी है कि खनिज न्यास निधि से स्थायी निर्माण कराने के बजाय टीना शेड निर्माण को प्राथमिकता क्यों दी गई।
कोयलीबेड़ा, अंतागढ़, चारामा और नरहरपुर ब्लॉकों में भी बड़े पैमाने पर टीन शेड निर्माण कराए जाने की जानकारी सामने आई है। इन निर्माण कार्यों में खर्च की गई राशि, गुणवत्ता, स्वीकृति और निर्धारित मापदंडों की जांच की मांग की जा रही है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं अधिवक्ता सुनील गोस्वामी सहित कांग्रेस की ओर से इन निर्माण कार्यों की जांच की मांग किए जाने की बात कही गई है। सवाल उठ रहा है कि खनिज न्यास निधि से खर्च की जा रही करोड़ों रुपये की राशि का वास्तविक लाभ आम जनता को मिल रहा है या नहीं।
अब देखने वाली बात होगी कि संबंधित विभाग इन निर्माण कार्यों की जांच कराकर लागत, गुणवत्ता और स्वीकृति प्रक्रिया से जुड़े सवालों का जवाब देता है या नहीं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 — राशि रुपये में
क्र.सं. | ग्राम का नाम | दर्ज राशि (₹)
1 | कोड़ेगुंगा | 19,32,000
2 | माटवाड़ामोदी | 19,40,000
3 | तेलवट | 19,68,000
4 | तुलतुली | 19,68,000
5 | अंजली | 19,95,000
6 | बेवरती | 13,94,000
7 | नवागांव भावगीर | 19,98,000
8 | मालगांव | 19,65,000
9 | नवागांव भावगीर | 10,70,000
10 | कोकपुर | 3,30,000
11 | पीड़ापाल | 19,65,000
12 | अंजनी | 15,00,000
13 | कोकोनपुर | 10,00,000
14 | पेटोली | 10,00,000
15 | कोकपुर | 10,64,000
16 | कोकपुर | 10,64,000
17 | भीरावाही | 19,99,000
18 | कुरिष्टीकुर | 14,10,000
19 | कोकपुर | 5,00,000
20 | गोविंदपुर | 13,68,000
21 | मरकाटोला | 19,52,000
22 | कोडागांव | 19,50,000
23 | नाधियानवागांव | 19,64,000
24 | आलवबेड़ा | 19,45,544
25 | सिदेसर | 19,78,213
26 | कन्हारपुरी | 19,49,572
27 | पटोद | 19,58,000
28 | पुसावंड | 19,58,000
29 | कुरिष्टीकुर | 19,52,000
30 | बासकुंडा | 19,97,000
31 | मादरी | 19,97,000
32 | तेलवट | 19,65,000
33 | मालगांव | 19,96,000
34 | भेलेनकन्हार | 19,97,000
35 | भीरावाही | 19,99,000
36 | किरगोली | 19,77,000
कुल राशि: 6,12,30,000 रुपये (6 करोड़ 12 लाख 30 हजार रुपये)।