

झाड़-फूंक और उपचार के बहाने नाबालिग से रेप।
कांकेर पुलिस ने आरोपी बैगा को किया गिरफ्तार।
जांच में नाबालिग निकली पांच माह की गर्भवती।
कलेक्टर ने गठित की जांच कमेटी।
14 Year Old Girl Rape in Kanker: कांकेर में एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। झाड़-फूंक और उपचार के बहाने 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 44 वर्षीय वैद्यराज रमेश कुमार पिस्दा को गिरफ्तार किया है। नाबालिग के पांच माह की गर्भवती होने की जानकारी सामने आने के बाद मामला उजागर हुआ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता आठवीं कक्षा में पढ़ती है। परिजन बच्ची को लेकर गांव के वैद्यराज रमेश कुमार पिस्दा के पास झाड़-फूंक और उपचार के लिए जाते थे। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना गर्मी की छुट्टियों के दौरान की बताई जा रही है।
मामले ने नाबालिगों की सुरक्षा, छात्रावास व्यवस्था और संबंधित विभागों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे मामलों में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि बच्चों को समय पर सुरक्षा, चिकित्सा और कानूनी सहायता मिले तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर जवाबदेही तय हो।
नाबालिग के स्वास्थ्य में बदलाव के बाद चिकित्सकीय जांच कराई गई, जिसमें उसके पांच माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने शिकायत और सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), भानुप्रतापपुर अनिकेत अशोक फड़तरे की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच दल का गठन किया है। जांच दल को प्रकरण के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर तीन दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित छात्रावास अधीक्षक एवं मंडल संयोजक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने तथा छात्रावासों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए हैं।