

मुलजिम पेशी के लिए सरगुजा गए थे दोनों पुलिस कर्मी।
इंसास रायफल को लावारिस हालत में छोड़कर वर्दी में शराब के नशे में सोते मिले थे।
एसएसपी विजय अग्रवाल ने दोनों को किया निलंबित।
एक एएसआई और एक आरक्षक सस्पेंड।
Durg SSP Vijay Agrawal: पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और ड्यूटी के प्रति गंभीर लापरवाही के मामले में दुर्ग एसएसपी ने सख्त कार्रवाई की है। दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने एक एएसआई और एक आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों पुलिस कर्मियों पर ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन करने और नशे की हालत में जमीन पर सोते पाए जाने का आरोप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने पांच दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार एएसआई जीवन प्रकाश एक्का एवं आरक्षक ऋषिकांत त्रिपाठी को 17 अक्टूबर को मुलजिम पेशी ड्यूटी के लिए जिला सरगुजा भेजा गया था। इसी दौरान 18 अक्टूबर को दोनों पुलिस कर्मी वर्दी में शराब का सेवन करने के बाद जमीन पर सोते हुए पाए गए। साथ ही आरक्षक ने अपना इंसास राइफल को लापरवाहीपूर्वक लावारिस हालत में छोड़ दिया था।
पुलिसकर्मियों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान शराब सेवन और हथियार की सुरक्षा से जुड़ी लापरवाही का मामला विभाग के लिए गंभीर माना गया है। मामले में जारी आदेश के तहत एएसआई जीवन प्रकाश एक्का और आरक्षक ऋषिकांत त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र, दुर्ग में संबद्ध किया गया है।
दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने मामले की प्रारंभिक जांच को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने घटना की प्रारंभिक जांच पूरी कर पांच दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।