नौकरी का झांसा देकर BJP नेत्री ने की लाखों की ठगी, जांजगीर-चांपा SP ने काउंसलर पद से किया बर्खास्त

Fake Job Scam in Janjgir Champa: आरोप है कि NGO के जरिए अलग-अलग स्थानों पर नौकरी दिलाने का भरोसा देकर लोगों से लाखों रुपये लिए गए, लेकिन न नौकरी मिली और न ही रकम वापस की गई।
Chhattisgarh BJP Leader Santoshi Dubey,
भाजपा नेत्री संतोषी दुबे पर हुई कार्रवाई(सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लेने का आरोप।

  • भाजपा नेत्री संतोषी दुबे को परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर पद से हटाया गया।

  • कोरबा निवासी पारस जैन ने एसपी से की थी शिकायत।

  • मामले की जांच महिला परामर्श केंद्र प्रभारी और अजाक थाना के डीएसपी को सौंपी गई।

Chhattisgarh BJP Leader Fraud Allegations: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि NGO के जरिए अलग-अलग स्थानों पर नौकरी दिलाने का भरोसा देकर लोगों से लाखों रुपये लिए गए, लेकिन न नौकरी मिली और न ही रकम वापस की गई।

शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलर और भाजपा नेत्री संतोषी दुबे को पद से हटा दिया है। जिले में एक सप्ताह के भीतर महिला काउंसलर पर यह दूसरी कार्रवाई है।

Chhattisgarh BJP Leader Santoshi Dubey,
बीजापुर की PMGSY सड़कों में 19 करोड़ों की गड़बड़ी, 13 इंजीनियर सस्पेंड, 5.50 करोड़ की वसूली और FIR की तैयारी

पांच जगह नौकरी दिलाने का दिया था भरोसा

कोरबा निवासी पारस जैन ने संतोषी दुबे के खिलाफ एसपी से लिखित शिकायत की थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संतोषी दुबे ने NGO के माध्यम से पांच अलग-अलग स्थानों पर नौकरी और काम दिलाने का भरोसा दिया था। इसी सिलसिले में उनसे और उनके सहयोगियों ने चेक के जरिए रकम ली।

शिकायत के मुताबिक, संतोषी दुबे ने डेढ़ लाख रुपये लिए, जबकि उनके एक सहयोगी को साढ़े तीन लाख रुपये चेक के माध्यम से दिए गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि लंबा समय बीतने के बाद भी न तो उन्हें नौकरी मिली और न ही उनकी रकम लौटाई गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले में कार्रवाई की मांग की।

Chhattisgarh BJP Leader Santoshi Dubey,
रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का खुलासा, 10 लाख तक में बेचते थे, तीन महिलाएं गिरफ्तार

एसपी ने पद से हटाया, DSP करेंगे जांच

शिकायत में लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एसपी विजय कुमार पांडेय ने संतोषी दुबे को परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया। मामले की जांच महिला परामर्श केंद्र की प्रभारी और अजाक थाना के डीएसपी को संयुक्त रूप से सौंपी गई है।

पुलिस अब कथित लेन-देन, NGO की भूमिका और शिकायत में सामने आए अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जाएगा कि नौकरी दिलाने के नाम पर रकम लेने का यह मामला किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं।

एक सप्ताह के भीतर दूसरी महिला काउंसलर को पद से हटाए जाने की कार्रवाई ने परिवार परामर्श केंद्र की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, संतोषी दुबे के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच अभी जारी है।