5 हजार के लालच में साइबर ठगी, दुर्ग में 8 खाताधारक पकड़े गए, 15.35 करोड़ के ट्रांजेक्शन की जांच

Durg Mule Account : चंद हजार रुपये के लालच अब लोगों को भारी पड़ने लगा। साइबर ठगी की रकम को बैंक खातों के जरिए इधर से उधर पहुंचाने वाले म्यूल अकाउंट नेटवर्क के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
Durg Mule Account
छत्तीसगढ़ दुर्ग साइबर फ्रॉडसोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • दुर्ग पुलिस ने म्यूल अकाउंट मामले में 8 खाताधारकों को किया गिरफ्तार।

  • आरोपियों ने चंद पैसों के लालच में बैंक खाते उपलब्ध कराए।

  • सुपेला से 3 और पुरानी भिलाई से 5 आरोपी पकड़े गए।

  • साइबर ठगी से जुड़े 15.35 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन की जांच जारी।

  • पुलिस ने लोगों से बैंक खाते, एटीएम और सिम कार्ड न देने की अपील की।

Chhattisgarh Durg Cyber ​​Fraud : चंद हजार रुपये के कमीशन का लालच अब लोगों को भारी पड़ने लगा है। साइबर ठगी की रकम को बैंक खातों के जरिए इधर से उधर पहुंचाने वाले म्यूल अकाउंट नेटवर्क के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार 26 नवंबर को सुपेला, पुरानी भिलाई थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने 8 खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की है।

आरोप है कि इन लोगों ने 5 हजार से 15 हजार रुपये तक के कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड दूसरे लोगों को इस्तेमाल करने के लिए दिए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंकिंग दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की है।

इस कार्रवाई के साथ दुर्ग पुलिस की जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। पुलिस अब तक 3,322 संदिग्ध बैंक खातों की जांच कर चुकी है। इस पूरे अभियान में 63 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 349 खाताधारकों एवं एजेंटों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके अलावा दो बैंक अधिकारियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में 1,668 खातों से जुड़े करीब 15.35 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है।

5 से 15 हजार रुपये के लालच में सौंप दिए बैंक खाते

पुलिस की जांच में सामने आया है कि साइबर अपराधियों का नेटवर्क एजेंटों के जरिए आम लोगों को निशाना बनाता है। लोगों को आसान कमाई का लालच देकर उनके बैंक खाते खुलवाए जाते हैं या पहले से संचालित खातों को इस्तेमाल के लिए ले लिया जाता है। इसके बदले खाताधारकों को 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन देने का प्रलोभन दिया जाता है।

खाताधारक केवल बैंक खाता ही नहीं बल्कि उससे जुड़े एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और मोबाइल सिम भी एजेंटों को सौंप देते हैं। इसके बाद इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी से हासिल रकम को जमा करने, दूसरे खातों में ट्रांसफर करने और नकदी निकालने के लिए किया जाता है। इस तरह साइबर अपराधी ठगी की रकम की असली कड़ी छिपाने की कोशिश करते हैं।

Durg Mule Account
बैलाडीला में भूस्खलन का खतरा बरकरार, पहाड़ पर विशाल दरारें देख बढ़ी चिंता, 8 KM तक फैला मलबा

समन्वय पोर्टल से मिला देशभर में फैले नेटवर्क का सुराग

म्यूल अकाउंट के खिलाफ कार्रवाई में भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) का समन्वय पोर्टल महत्वपूर्ण साबित हुआ है। पुलिस मुख्यालय से मिले इनपुट और पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर संदिग्ध बैंक खातों की पहचान की गई।

इसके बाद पुलिस ने बैंक खातों की केवाईसी, स्टेटमेंट और ट्रांजेक्शन का विश्लेषण किया। संदिग्ध लेन-देन की कड़ियां जोड़ते हुए उन खाताधारकों तक पहुंच बनाई गई, जिनके बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में किया जा रहा था।

3,322 खातों की जांच, 349 गिरफ्तारियां

दुर्ग पुलिस के अभियान में अब तक सामने आए आंकड़े इस प्रकार हैं-

3,322 संदिग्ध बैंक खातों की जांच।

3,162 खातों पर कार्रवाई।

1,668 खातों से जुड़े आपराधिक प्रकरण दर्ज।

618 खाते जांच के बाद नस्तीबद्ध।

876 खातों पर कार्रवाई शेष।

63 एफआईआर दर्ज।

349 खाताधारक और एजेंट गिरफ्तार।

2 बैंक अधिकारी गिरफ्तार।

करीब 15.35 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन की पहचान।

AU बैंक और बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े 8 खाताधारकों पर कार्रवाई

26 नवंबर को हुई कार्रवाई में सुपेला थाना क्षेत्र के AU बैंक से जुड़े तीन और पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े पांच खाताधारकों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया।

सुपेला थाना क्षेत्र के खाताधारक में-

जावेद खान (24), निवासी शांति नगर, भिलाई-3,

सोहेल असरफ खान (29), निवासी अय्यप्पा नगर, सुपेला।

मंजीत कौर, निवासी आकांक्षा कुंज, भिलाई, वर्तमान पता श्याम नगर, बोरसी।

पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के खाताधारक-

गुरुद्वीप सिंह चिड्डा उर्फ राहुल (30), निवासी कुम्हारी।

विकास कुमार राणा (23), निवासी राजीव पारा, भिलाई-3,

तरुण कुमार पटेल (24), निवासी महामाया पारा, भिलाई-3,

मुन्नवर खान (30), निवासी विश्व बैंक कॉलोनी, भिलाई-3,

परमीली राजेश कुमार (33), निवासी आदर्श नगर, कैम्प-1, छावनी।

पुलिस ने इनके कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं।

Durg Mule Account
अमरजीत भगत बनाम रामकुमार टोप्पो, एक के वार पर दूसरे का पलटवार, सीतापुर में सियासी पारा हाई

दो थानों में दर्ज हुए अलग-अलग अपराध

इस मामले में सुपेला और पुरानी भिलाई थाने में अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि बैंक ट्रांजेक्शन के विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हुई है।

चंद रुपये के लालच में फंस सकते हैं गंभीर कानूनी पचड़े में

म्यूल अकाउंट के इस पूरे नेटवर्क में सबसे चिंताजनक बात यह है कि साइबर अपराधी आम लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल कर रहे हैं। कई लोग इसे कमीशन कमाने का आसान तरीका समझकर अपना बैंक खाता दूसरों को सौंप देते हैं, लेकिन बाद में वही खाता साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में सामने आता है।

ऐसे मामलों में खाताधारक भी जांच और कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक या सिम कार्ड इस्तेमाल के लिए न दें।

Durg Mule Account
छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग में बड़ा फेरबदल, 60 क्लर्कों के तबादले, देखिए सूची