

Highlight:
Grand Theft Auto 6 की दीवानगी का फायदा अब साइबर ठग उठा रहे हैं।
गेम के लॉन्च के साथ फर्जी वेबसाइटों, मुफ्त प्री-ऑर्डर कोड और कथित PC डाउनलोड के जरिए लोगों को फंसाया जा रहा है।
साइबर सुरक्षा कंपनियों Malwarebytes और Netcraft ने कई वेबसाइटों के बारे में बताया है।
GTA 6 Fake Website: दुनिया के सबसे चर्चित वीडियो गेम्स में शामिल Grand Theft Auto 6 की दीवानगी का फायदा अब साइबर ठग उठा रहे हैं। बता दें कि गेम के लॉन्च के आसपास फर्जी वेबसाइटों, मुफ्त प्री-ऑर्डर कोड और कथित PC डाउनलोड के जरिए लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। वहीं साइबर सुरक्षा कंपनियों Malwarebytes और Netcraft ने ऐसी कई वेबसाइटों का खुलासा किया है जो यूजर्स की लॉगिन डिटेल, निजी जानकारी और पैसे चुराने की कोशिश कर रही हैं। ऐसे में गेम डाउनलोड करने या कोई ऑफर पाने से पहले सावधान रहना जरूरी है।
Malwarebytes की जांच में एक ऐसी फर्जी वेबसाइट सामने आई है जो यूजर्स को मुफ्त GTA 6 देने का दावा करती है। यहां पहले PlayStation 5, Xbox या PC प्लेटफॉर्म चुनने को कहा जाता है। इसके बाद गेम पाने के लिए Google से लॉगिन करने का विकल्प दिखता है।
लेकिन यह असली Google पेज नहीं बल्कि ठगों की वेबसाइट पर बनाया गया नकली लॉगिन पेज होता है। यहां ईमेल और पासवर्ड डालने पर आपकी जानकारी साइबर अपराधियों तक पहुंच सकती है। कुछ दूसरी वेबसाइटें मुफ्त गेम कोड देने के बदले सर्वे पूरा करने या ऐप डाउनलोड करने की शर्त रखती हैं।
Netcraft की रिपोर्ट में बताया गया है कि कुछ वेबसाइटें GTA 6 का कथित 112GB PC वर्जन डाउनलोड कराने का दावा कर रही हैं। लेकिन Rockstar Games ने अभी तक PC वर्जन की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। कंपनी के मुताबिक गेम PlayStation 5 और Xbox Series X|S के लिए उपलब्ध है।
Netcraft ने कुछ फर्जी डाउनलोड और लॉन्चर में ट्रोजन की पहचान की है। एक अन्य मामले में नकली लॉन्चर के जरिए गेम अनलॉक करने के लिए 100 डॉलर की क्रिप्टोकरेंसी मांगी गई। लेकिन 112GB वाली फाइल की जांच Netcraft ने नहीं की है इसलिए उसमें मौजूद कंटेंट की पुष्टि नहीं हुई है। Android APK और मोबाइल वर्जन के दावे भी संदेह के दायरे में हैं।
किसी अनजान वेबसाइट पर Google, Rockstar या गेमिंग अकाउंट का पासवर्ड न डालें। गेम केवल आधिकारिक PlayStation और Xbox स्टोर या अधिकृत विक्रेताओं से खरीदें। संदिग्ध APK, लॉन्चर और फाइल डाउनलोड करने से बचें। वेबसाइट का URL भी ध्यान से जांचें।
अगर आपने नकली पेज पर पासवर्ड डाल दिया है तो तुरंत आधिकारिक वेबसाइट से पासवर्ड बदलें और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू करें। कोई संदिग्ध फाइल डाउनलोड की है तो उसे न खोलें और डिवाइस को सुरक्षा सॉफ्टवेयर से स्कैन करें। बैंक या कार्ड की जानकारी साझा होने पर तुरंत बैंक से संपर्क करें।