जगदलपुर में पहले मांगी लिफ्ट, फिर की 2 करोड़ की लूट, NH-63 पर बदमाशों का फिल्मी कारनामा

Robbery News : पिस्टल और चाकू की नोक पर सराफा कारोबारी को बनाया बंधक, 1300 ग्राम सोना और 15 किलो से ज्यादा चांदी लेकर जंगल में हुए गायब, भैरमगढ़ से गीदम लौटते वक्त नेलसनार के पास वारदात।
Robbery Case
सराफा कारोबारी लूटAI जनरेट
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • लिफ्ट मांगकर बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम।

  • सराफा कारोबारी को बंधक बनाकर लूटे 2 करोड़।

  • वाहन में बैठते ही बदमाशों ने पिस्टल और चाकू निकाले।

  • कारोबारी और उसके साथी का मोबाइल जंगल में फेंके।

  • 1300 ग्राम सोना और 15 किलो चांदी लेकर हुए फरार।

Chhattisgarh Jagdalpur Robbery Case : बस्तर संभाग में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हो रहे हैं, इसकी एक सनसनीखेज तस्वीर दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमा क्षेत्र में सामने आई है। नेशनल हाईवे-63 पर हथियारबंद बदमाशों ने एक सराफा कारोबारी की गाड़ी में लिफ्ट लेकर ऐसी वारदात को अंजाम दिया कि कारोबारी और उसके साथी के होश उड़ गए।

पिस्टल और चाकू के दम पर बदमाशों ने करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए और जंगल के रास्ते फरार हो गए। लूटे गए आभूषणों की अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। वारदात के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, गीदम निवासी सराफा कारोबारी स्वरूप सोनी भैरमगढ़ में अपनी दुकान बंद करने के बाद अपने साथी और ड्राइवर के साथ वाहन से गीदम लौट रहे थे। इसी दौरान नेलसनार थाना क्षेत्र के जंगल के पास दो अज्ञात युवकों ने लिफ्ट मांगकर उनकी गाड़ी रुकवाई। कारोबारी ने उन्हें सामान्य मुसाफिर समझकर वाहन में बैठा लिया, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी यही दरियादिली एक बड़ी लूट की वारदात में बदल गई।

लिफ्ट लेकर बैठे, फिर निकाल लिए हथियार

बताया जा रहा है कि गाड़ी में बैठने के कुछ समय बाद ही दोनों बदमाशों ने पिस्टल और चाकू निकाल लिए। अचानक हथियार सामने देखकर कारोबारी स्वरूप सोनी और उनके साथी के पास विरोध करने का कोई मौका नहीं बचा। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर उन्हें भयभीत किया और अपने कब्जे में रखे गहनों से भरा बैग लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।

बैग में था 2 करोड़ से ज्यादा का सोना-चांदी

लुटेरों के हाथ लगा बैग मामूली नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये के कीमती आभूषणों से भरा था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इसमें करीब 1300 ग्राम सोना था, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके अलावा 15 किलो से ज्यादा चांदी के जेवर भी थे, जिनकी कीमत करीब 25 से 28 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल लूट की अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

Robbery Case
कूड़े के ढेर पर जश्न! रायपुर को स्वच्छता का राष्ट्रीय सम्मान, पर सड़कों पर लगा कचरे का अंबार

मोबाइल फोन भी फेंके, जंगल में गुम हुए बदमाश

वारदात के बाद आरोपियों ने कारोबारी और उनके साथी के मोबाइल फोन भी कुछ दूरी पर फेंक दिए। इसके बाद वे जंगल के रास्ते फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही नेलसनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस अब आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।

व्यापारियों में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

नेशनल हाईवे-63 जैसे प्रमुख मार्ग पर हथियारों के दम पर करोड़ों की लूट की इस वारदात ने बस्तर के व्यापारिक जगत में चिंता बढ़ा दी है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बदमाशों ने पहले लिफ्ट मांगकर कारोबारी का भरोसा जीता और फिर उसी वाहन में हथियार दिखाकर लूट को अंजाम दे दिया। अब पुलिस के सामने आरोपियों तक पहुंचने और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी की चुनौती है।

Robbery Case
महादेव सट्टा ऐप केस: 8 दिन की CBI रिमांड खत्म, सौरभ चंद्राकर की रायपुर कोर्ट में पेशी