

बंगाल की खाड़ी में बन रहे तूफान से भारी बारिश का खतरा।
नारायणपुर में 28-29 अक्टूबर को स्कूलों में छुट्टी घोषित।
बस्तर संभाग के सभी जिलों में चक्रवाती तूफान का असर।
मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए जारी किया है अलर्ट।
Cyclonic Storm Urban in Chhattisgarh: चक्रवाती तूफान की आहट से बस्तर संभाग में मौसम को लेकर चिंता बढ़ गई है। भारी बारिश की आशंका के बीच बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने स्कूलों में छुट्टी घोषित करनी शुरू कर दी है। नारायणपुर में दो दिन, जबकि बस्तर और सुकमा में 28 अक्टूबर को स्कूल बंद रहेंगे। दंतेवाड़ा में भी मंगलवार को अवकाश घोषित किया गया था। मौसम के बिगड़ने की आशंका के बीच स्कूलों की छुट्टियों से विद्यार्थियों को राहत मिली है।
मौसम विभाग की चेतावनी और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए नारायणपुर जिले में 28 और 29 अक्टूबर को सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश के अनुसार, भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
बस्तर जिले में चक्रवाती तूफान और अतिवृष्टि की आशंका के मद्देनजर 28 अक्टूबर को सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त प्राथमिक, माध्यमिक, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में छुट्टी रहेगी। सुकमा जिले में भी 28 अक्टूबर को सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा की ओर से जारी आदेश में विद्यार्थियों की सुरक्षा को इस निर्णय का आधार बताया गया है।
दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार को ही स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई थी। इस तरह चक्रवाती तूफान और भारी बारिश की आशंका के बीच बस्तर संभाग के चार जिलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के प्रभाव से मौसम बिगड़ने और भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। ऐसे में स्कूल आने-जाने के दौरान बच्चों को संभावित परेशानी से बचाने के लिए अवकाश घोषित किया गया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है।