खड़गे के बयान पर बस्तर में भाजपा का उबाल, 13 मंडलों में पुतला दहन, सार्वजनिक माफी की मांग

BJP Protest Against Kharge Jagdalpur : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान से भड़की बस्तर भाजपा ने 13 मंडलों में प्रदर्शन कर खड़गे का पुतला जलाया और सार्वजनिक माफी की मांग की।
Mallikarjun Kharge controversial statement
भाजपा का विरोध प्रदर्शन जगदलपुरसोर्स - नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

Mallikarjun Kharge Controversial Statement : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को लेकर बस्तर में भाजपा का आक्रोश सड़कों पर उतर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में सोमवार को जगदलपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और खड़गे का पुतला दहन किया। बस्तर जिले के सभी 13 मंडलों में विरोध दर्ज कराते हुए भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग उठाई।

जगदलपुर में 13 मंडलों का विरोध

बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में भाजपा ने विरोध प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस को घेरा। पश्चिम नगर मंडल के कार्यकर्ताओं ने गोलबाजार चौराहे और पूर्वी मंडल के कार्यकर्ताओं ने चांदनी चौक में खड़गे सहित कांग्रेस नेताओं का पुतला जलाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपना आक्रोश जताया।

भाजपा जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय ने खड़गे के बयान की आलोचना करते हुए इसे राजनीतिक मर्यादा के विपरीत बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति राजनीतिक विरोध में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं है। प्रदर्शन में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

बीजापुर में कांग्रेस नेतृत्व से माफी की मांग

बीजापुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा और संयुक्त मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने खड़गे का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हरिहर साहनी सहित भाजपा नेताओं ने बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से भी इस मामले में माफी मांगने की मांग की।

प्रदर्शन में भाजपा जिला महामंत्री फूलचंद गागड़ा, संजय लुक्कड़, वरिष्ठ नेता सेवाराम भूत, एसटी मोर्चा के प्रदेश मंत्री राम राना, जिला प्रवक्ता मैथिएस कुजूर, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष संदीप तेलम और नगरपालिका उपाध्यक्ष भुवन सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Mallikarjun Kharge controversial statement
छत्तीसगढ़ में गोवर्धन पूजा का ऐच्छिक अवकाश खत्म, अब मिलेगा सार्वजनिक अवकाश,बदला पुराना आदेश

दंतेवाड़ा में बस स्टैंड पर पुतला दहन

दंतेवाड़ा में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड पर प्रदर्शन कर खड़गे का पुतला जलाया। भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता ने बयान की आलोचना करते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध में भाषा की मर्यादा और सार्वजनिक जीवन के मूल्यों का ध्यान रखा जाना चाहिए।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष राहुल असरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री का विरोध करते हुए उनके दिवंगत पिता को निशाना बनाना उचित नहीं है। उन्होंने खड़गे से देश के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने भी बयान पर नाराजगी जताई।

प्रदर्शन में भाजपा जिला महामंत्री सत्यजीत चौहान, जिला उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, सत्यनारायण महापात्र, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता सहित भाजपा और युवा मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए।

Mallikarjun Kharge controversial statement
राज्योत्सव 2026 में पहली बार दिखेगा रोमांच, रायपुर के आसमान में सारंग टीम का हवाई शो
Navbharat Live
navbharatlive.com