बेरोजगारों के आंदोलन की चेतावनी से सहमा NMDC, जारी किया नया फरमान, पेट्रोल-डीजल से लेकर राशन तक का भारी स्टॉक

NMDC Bailadila Protest: बेरोजगार युवाओं ने बचेली और किरंदुल की दोनों परियोजनाओं में तालाबंदी की चेतावनी देते हुए मांगें पूरी होने तक दिन-रात धरना देने का ऐलान किया है।
Chhattisgarh NMDC Protest Dantewada, dantewada news,
NMDC की दोनों परियोजनाओं में तालाबंदी की चेतावनी (सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • 28 नवंबर को NMDC की दोनों परियोजनाओं में तालाबंदी की चेतावनी।

  • कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक और ठेका श्रमिकों की मौजूदगी अनिवार्य।

  • NMDC प्रबंधन ने आंदोलन को लेकर ‘नो वर्क, नो पे’ का फरमान जारी किया।

  • आंदोलन की चेतावनी के बाद उत्पादन ठप नहीं होने देने की तैयारी में जुटा प्रबंधन।

Chhattisgarh NMDC Bacheli Kirandul Strike: बस्तर की लौह अयस्क खदानों में 28 नवंबर से ऐसा आंदोलन शुरू होने जा रहा है, जिसकी आहट से एनएमडीसी प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय बेरोजगार युवाओं ने बचेली और किरंदुल की दोनों परियोजनाओं में तालाबंदी की चेतावनी देते हुए मांगें पूरी होने तक दिन-रात धरना देने का ऐलान किया है।

दूसरी तरफ एनएमडीसी प्रबंधन भी किसी तरह उत्पादन ठप नहीं होने देने की तैयारी में जुट गया है। कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक, ठेका श्रमिकों की अनिवार्य उपस्थिति और ‘नो वर्क, नो पे’ के आदेश के बीच अब कंपनी परिसर में पेट्रोल-डीजल और खाद्य सामग्री का बड़े पैमाने पर स्टॉक किए जाने की जानकारी सामने आई है।

बड़े पैमाने पर खाद्य सामग्री जुटाई

पिछले दिनों बड़ी संख्या में पेट्रोल और डीजल से भरे टैंकर एनएमडीसी परिसर में प्रवेश करते दिखाई दिए। इसके साथ ही खाद्य सामग्री भी बड़े पैमाने पर जुटाई जा रही है। इन तैयारियों को आंदोलन के संभावित रूप से लंबा खिंचने की स्थिति से जोड़कर देखा जा रहा है।

माना जा रहा है कि प्रबंधन पहले से ही आवश्यक संसाधनों का इंतजाम कर रहा है, ताकि आंदोलन के दौरान आपूर्ति और परिचालन व्यवस्था प्रभावित न हो तथा उत्पादन जारी रखा जा सके। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या एनएमडीसी ने 28 नवंबर के बाद पैदा होने वाली संभावित परिस्थितियों को देखते हुए लंबी अवधि की तैयारी शुरू कर दी है?

Chhattisgarh NMDC protest news,
पेट्रोल टैंकर की सप्लाई(सोर्स- नवभारत लाइव)

डेढ़ साल से भर्ती परीक्षा का इंतजार, अब आर-पार की लड़ाई

दरअसल, एनएमडीसी ने वर्ष 2025 में एल-1 और एल-2 श्रेणी के विभिन्न पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। इनमें फील्ड अटेंडेंट, मेंटेनेंस असिस्टेंट सहित अन्य पद शामिल हैं। दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा के बड़ी संख्या में युवाओं ने इन पदों के लिए आवेदन किया, लेकिन अब तक भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

युवाओं का आरोप है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। अब उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षा की तारीख घोषित होने और मांगों पर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

Chhattisgarh NMDC Protest Dantewada, dantewada news,
भिलाई MLA देवेंद्र यादव निर्वाचन मामले में बड़ा अपडेट, हाइकोर्ट पूरी हुई सुनवाई, सुरक्षित रखा फैसला

चेकपोस्ट से क्रिकेट पिच तक पहुंचा विरोध, अब खदानों की बारी

भर्ती के मुद्दे पर युवाओं का आक्रोश पहले भी कई बार सामने आ चुका है। अक्टूबर में बचेली चेकपोस्ट पर बेरोजगार युवाओं ने कई दिनों तक प्रदर्शन किया था। उस दौरान उत्पादन प्रभावित होने और करोड़ों रुपये के नुकसान का दावा भी सामने आया था। बस्तर सांसद महेश कश्यप की मध्यस्थता के बाद आंदोलन स्थगित हुआ और हैदराबाद में एनएमडीसी प्रबंधन के साथ बैठक कर समाधान निकालने का आश्वासन मिला था। लेकिन युवाओं के मुताबिक अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ।

Chhattisgarh NMDC Protest Dantewada, dantewada news,
बस्तर के जंगलों में छिपा है प्रकृति का अनोखा भूमिगत संसार, मांदरकोंटा गुफा में दर्ज है हजारों साल की कहानी

16 नवंबर को तो विरोध का नजारा उस वक्त और दिलचस्प हो गया, जब बचेली में एनएमडीसी अधिकारियों के क्रिकेट मैच के दौरान बेरोजगार युवा सीधे क्रिकेट पिच पर पहुंचकर बैठ गए। इसके चलते मैच रोकना पड़ा। इसके बाद 17 नवंबर को भांसी में दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा के युवाओं की बैठक हुई, जिसमें आंदोलन को व्यापक रूप देने का फैसला लिया गया।

सियासी दलों से सामाजिक संगठनों तक समर्थन जुटाने की कवायद

इस बार युवा बेरोजगार संघ आंदोलन को केवल भर्ती अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं रखना चाहता। भाजपा, कांग्रेस, सीपीआई, आम आदमी पार्टी और भीम आर्मी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों से समर्थन मांगा गया है।

बस्तरिया राज मोर्चा, आदिवासी समाज, एससी-एसटी और ओबीसी संगठनों, व्यापारिक संगठनों, ट्रक यूनियन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा एनएमडीसी कर्मचारियों के बच्चों और उनके परिवारों से भी आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई है। दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा के सैकड़ों युवाओं के लामबंद होने की तैयारी है।

प्रबंधन का सख्त फरमान, छुट्टियां बंद और ड्यूटी अनिवार्य

दूसरी ओर संभावित आंदोलन को देखते हुए एनएमडीसी प्रबंधन ने भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। नियमित कर्मचारियों के साथ ठेका श्रमिकों को भी निर्धारित कार्यस्थल पर उपस्थित रहना अनिवार्य किया गया है।

‘नो वर्क, नो पे’ का आदेश जारी करते हुए कर्मचारियों की छुट्टियों और दौरा कार्यक्रमों पर रोक लगाई गई है। आपातकालीन चिकित्सा को छोड़कर अवकाश की अनुमति नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं। यानी आंदोलनकारियों की रणनीति और प्रबंधन की तैयारियां दोनों अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही हैं।

28 नवंबर को आमने-सामने होंगे रोजगार के सवाल और उत्पादन के लक्ष्य

एक तरफ स्थानीय युवा अपने रोजगार और भविष्य की मांग को लेकर दोनों परियोजनाओं का काम बंद कराने की तैयारी में हैं, तो दूसरी तरफ एनएमडीसी प्रबंधन ईंधन, खाद्य सामग्री और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित कर उत्पादन को बचाए रखने की कवायद में जुटा है।

बस्तर की इन महत्वपूर्ण खनन परियोजनाओं के सामने अब दोहरी चुनौती है। क्या आंदोलन शुरू होने से पहले एनएमडीसी भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित कर युवाओं को मना पाएगा या फिर 28 नवंबर से बचेली और किरंदुल की खदानों में टकराव की नई तस्वीर देखने को मिलेगी? फिलहाल दोनों पक्षों की निगाहें 28 नवंबर पर टिकी हैं।