फसल बर्बादी से भड़के बस्तर के किसान, 11 दिसंबर को NH-63 पर अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान

Bastar Farmers Protest : बस्तर में बाढ़ का पानी तो उतर गया लेकिन किसानों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही। बर्बाद हुई फसल और मुआवजे के इंतजार ने अब किसानों के सब्र का बांध तोड़ दिया है।
Bastar Farmers Protest
बस्तर किसान आंदोलनसोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • बस्तर में फसल मुआवजे को लेकर किसानों का आंदोलन।

  • 11 दिसंबर से NH-63 पर अनिश्चितकालीन चक्काजाम।

  • किसानों की मांग, प्रति एकड़ 65,100 रुपए मुआवजा।

  • हाईवे पर भोजन बनाकर रात गुजारेंगे किसान।

  • पांच गांवों समेत नदी प्रभावित किसानों को जोड़ने की तैयारी।

Chhattisgarh Bastar Farmers Protest : बस्तर में बाढ़ का पानी तो उतर गया लेकिन किसानों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। खेतों में बर्बाद हुई फसल और मुआवजे के इंतजार ने अब किसानों के सब्र का बांध तोड़ दिया है।

नुकसान की भरपाई के लिए लंबे समय से गुहार लगा रहे किसानों ने अब अपनी मांगों के लिए सड़क पर निर्णायक लड़ाई लड़ने का मन बना लिया है। किसान संघर्ष समिति ने 11 दिसंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर चक्काजाम कर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है।

Bastar Farmers Protest
बस्तर किसान आंदोलनसोर्स- नवभारत लाइव

किसानों की मांग है कि बाढ़ और अतिवृष्टि से तबाह हुई फसलों के एवज में उन्हें प्रति एकड़ 65,100 रुपए मुआवजा दिया जाए। उनका कहना है कि प्राकृतिक आपदा ने खेती की पूरी आर्थिक गणित बिगाड़ दी है। धान, मक्का और सब्जियों की फसल गंवाने के बाद अगली खेती की तैयारी करना भी मुश्किल हो रहा है।

ज्ञापन और इंतजार के बाद आंदोलन का फैसला

किसानों का कहना है कि 6 नवंबर को अपनी मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बावजूद उन्हें अब तक अपेक्षित राहत नहीं मिली। इसी मुद्दे पर प्रभावित किसानों और किसान संघर्ष समिति की बैठक हुई, जिसमें आंदोलन को व्यापक बनाने और 11 दिसंबर से हाईवे पर चक्काजाम करने का निर्णय लिया गया।

Bastar Farmers Protest
यादों में पूर्व महाधिवक्ता कनन तिवारी, सत्ता से सवाल पूछने वाली आवाज खामोश, पत्रकारिता से वकालत तक का सफर

हाईवे पर ही बनेगा भोजन, वहीं गुजरेगी रात

इस बार किसान कुछ घंटों के प्रदर्शन के बाद लौटने के मूड में नहीं हैं। समिति ने अनिश्चितकालीन धरने की तैयारी की है। किसानों का कहना है कि मांगें पूरी नहीं होने तक वे हाईवे पर ही भोजन बनाएंगे और वहीं रात गुजारेंगे। उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक मुआवजे पर ठोस निर्णय नहीं होता।

पांच गांवों समेत नदी प्रभावित इलाकों में संपर्क

आंदोलन को बड़ा रूप देने के लिए बेलगांव, बजावंड, भेजापदर, बोदरा और नारायणपाल सहित नारंगी नदी से प्रभावित गांवों के किसानों को एक मंच पर लाने की तैयारी की जा रही है। समिति का प्रयास है कि फसल नुकसान झेल रहे अधिक से अधिक किसान इस आंदोलन से जुड़ें।

11 दिसंबर की तारीख तय होने के साथ ही बस्तर में फसल मुआवजे का मुद्दा फिर गरमा गया है। अब निगाहें प्रशासन और शासन के अगले कदम पर हैं। किसानों का आंदोलन से पहले सरकार को दिया गया यह संदेश साफ है कि फसल नुकसान की भरपाई के बिना उनकी नाराजगी शांत होने वाली नहीं है।

Bastar Farmers Protest
बेरोजगारों के आंदोलन की चेतावनी से सहमा NMDC, जारी किया नया फरमान, पेट्रोल-डीजल से लेकर राशन तक का भारी स्टॉक