यादों में पूर्व महाधिवक्ता कनन तिवारी, सत्ता से सवाल पूछने वाली आवाज खामोश, पत्रकारिता से वकालत तक का सफर

Kanak Tiwari Passed Away: संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के सवालों पर बेबाकी से अपनी बात रखने वाले छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता कनक तिवारी का निधन हो गया।
Kanak Tiwari Passed Away, chhattisgarh news,
छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता कनक तिवारी का निधन(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • देश के जाने माने और पूर्व महाधिवक्ता-लेखक कनक तिवारी का निधन।

  • प्रदेश के साहित्यिक, सामाजिक और विधि जगत में शोक की लहर।

  • लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे दिवंगत कनक तिवारी।

  • अंग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तर के बाद उन्होंने कॉलेज में प्राध्यापक के रूप में सेवाएं दीं।

Chhattisgarh Former Advocate General Kanak Tiwari Passed Away: छत्तीसगढ़ ने विधि और बौद्धिक जगत की एक ऐसी शख्सियत खो दी है, जिसकी पहचान सिर्फ एक वरिष्ठ अधिवक्ता तक सीमित नहीं थी। संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के सवालों पर बेबाकी से अपनी बात रखने वाले छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता कनक तिवारी का निधन हो गया। दुर्ग के बीएम शाह अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।

पत्रकार, शिक्षक, अधिवक्ता, लेखक और गांधीवादी चिंतक के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी। सत्ता हो या व्यवस्था, अपने सिद्धांतों और विचारों पर अडिग रहने वाले कनक तिवारी का जाना प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है।

पत्रकारिता से कानून तक का सफर

26 जुलाई 1940 को जन्मे कनक तिवारी ने अपने करियर की शुरुआत अध्यापन से की थी। अंग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तर करने के बाद उन्होंने कॉलेज में प्राध्यापक के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में आए और पीटीआई, नवभारत तथा नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े। वर्ष 1971 में उन्होंने एलएलबी की परीक्षा स्वर्ण पदक के साथ उत्तीर्ण की और वकालत शुरू की। अपनी कानूनी समझ और संवैधानिक विषयों पर गहरी पकड़ के चलते वर्ष 2002 से छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में स्थापित हुए।

Kanak Tiwari Passed Away, chhattisgarh news,
छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक सर्जरी, तीन उप सचिवों को मिली नई जिम्मेदारी, जारी हुआ आदेश, देखें List

महाधिवक्ता बने, लेकिन सिद्धांतों से नहीं किया समझौता

दिसंबर 2018 में तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार ने उन्हें छत्तीसगढ़ का महाधिवक्ता नियुक्त किया था। हालांकि जून 2019 में उनका कार्यकाल समाप्त हो गया। उस समय उनके इस्तीफे को लेकर भी विवाद सामने आया था। कनक तिवारी ने सार्वजनिक रूप से इस्तीफा देने से इनकार करते हुए अपनी बात रखी थी। यह प्रसंग उनके स्वाभिमानी और स्पष्टवादी व्यक्तित्व का उदाहरण बना। पद से हटने के बाद भी उनकी वैचारिक सक्रियता और सार्वजनिक हस्तक्षेप जारी रहा।

Kanak Tiwari Passed Away, chhattisgarh news,
तहसीलदार को पता ही नहीं 'कंगनी' का मतलब, किसान की समस्या सुन बालोद MLA ने लगाई फटकार, बोले- व्यवस्था सुधारे

लेखन और विचारों से भी बनाई पहचान

कनक तिवारी केवल कानून के जानकार नहीं, बल्कि गंभीर लेखक और गांधीवादी चिंतक भी थे। संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, आदिवासी अधिकारों और जल-जंगल-जमीन जैसे मुद्दों पर वे लगातार मुखर रहे। 'संविधान का सच', 'फिर से हिंद स्वराज', 'बस्तर : लाल क्रांति बनाम ग्रीन हंट' और 'आदिवासी उपेक्षा की अंतर्कथा' जैसी पुस्तकों के माध्यम से उन्होंने अपनी वैचारिक छाप छोड़ी। उनकी लेखनी में व्यवस्था से सवाल करने का साहस और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता साफ दिखाई देती थी।

विचारों की विरासत छोड़ गए कनक तिवारी

कनक तिवारी का निधन केवल एक वरिष्ठ अधिवक्ता का जाना नहीं, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों पर बेबाकी से अपनी बात रखने वाली एक महत्वपूर्ण आवाज का खामोश हो जाना है। उन्होंने अपने जीवन से साबित किया कि व्यक्ति की असली पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके विचारों और सिद्धांतों से बनती है। उनकी कानूनी समझ, लेखन और वैचारिक प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी। उनके निधन से अधिवक्ताओं, साहित्यकारों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में शोक है।