युपी पुलिस की महाभर्ती के लिए 23 अगस्त से परीक्षा, यहां से करें एडमिट कार्ड डाउनलोड

योगी सरकार ने प्रदेश के इतिहास की सबसे बड़ी पुलिस की भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं। सीएम योगी के निर्देश पर 60,244 आरक्षियों के पदों पर चयन के लिए होने वाली इस परीक्षा को प्रदेश के 67 जिलों में 23 से 25 अगस्त और 30, 31 अगस्त को आयोजित किया जा रहा है।
युपी पुलिस की महाभर्ती के लिए 23 अगस्त से परीक्षा, यहां से करें एडमिट कार्ड डाउनलोड
फाइल फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

लखनऊ: योगी सरकार ने प्रदेश के इतिहास की सबसे बड़ी पुलिस की भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं। सीएम योगी के निर्देश पर 60,244 आरक्षियों के पदों पर चयन के लिए होने वाली इस परीक्षा को प्रदेश के 67 जिलों में 23 से 25 अगस्त और 30, 31 अगस्त को आयोजित किया जा रहा है। परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके तहत यूपी पुलिस और एसटीएफ 15 सौ से अधिक ऐसे अपराधियों पर लगातार नजर रख रही है, जो पिछले 12 वर्षों से पेपर लीक और सॉल्वर गैंग जैसी गतिविधियों में लिप्त रहे हैं।

परीक्षा को पारदर्शी तरीके से कराने के लिए अब तक 48 लाख अभ्यर्थियों का आधार सत्यापन कराया जा चुका है जबकि शेष की सत्यापन प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा संदिग्ध अभ्यर्थियों के सत्यापन के लिए परीक्षा केंद्र पर ही ईकेवाईसी की व्यवस्था की जा रही है। इनकी परीक्षा के बाद भी स्कूटनी की जाएगी।

वहीं 23 अगस्त को होने वाली परीक्षा के लिए मंगलवार से उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड होना शुरू हो गए हैं। अभ्यर्थी अपनी परीक्षा तिथि के तीन दिन पहले से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

अब तक 48 लाख अभ्यर्थियों का आधार सत्यापन पूरा

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीआरपीबी) के अध्यक्ष राजीव कृष्ण ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप परीक्षा की शुचिता को बरकरार रखने के लिए सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलाें को ही परीक्षा केंद्र बनाया गया है। प्रदेश के 67 जिलों में परीक्षा के लिए 1174 केंद्र बनाए गए हैं, जो सभी शहर में ही स्थित हैं। यहां पर पांच दिनों में दो पॉली में 48,17,441 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इन जिलों में सकुशल परीक्षा कराने के लिए हर जिले में दो नोडल नियुक्त किये गये हैं, जिसमें जिला प्रशासन के एडीएम और पुलिस के एडिशनल एसपी स्तर के अधिकारी शामिल हैं।

बोर्ड के अध्यक्ष ने बताया कि नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए अब तक 48 लाख अभ्यर्थियों का आधार सत्यापन कराया जा चुका है। इस दौरान 20 हजार संदिग्ध अभ्यर्थी पाए गए हैं। इन सभी को परीक्षा के दिन केंद्र पर सप्लीमेंट्री कागज (पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट) के साथ ढाई घंटे पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। इन सभी का परीक्षा केंद्र पर ईकेवाईसी किया जाएगा। इसके बाद भी इन्हे परीक्षा की अनुमति दी जाएगी। इन सभी अभ्यर्थियों की परीक्षा के बाद भी स्कूटनी की जाएगी।

4 लाख एडमिट कार्ड डाउनलोड

बोर्ड के अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से अभ्यर्थियों को कई तरह की सहूलियतें भी दी गई हैं। इसके तहत किसी भी अभ्यर्थी से यूपी की रोडवेज बसों में किराया नहीं लिया जाएगा। उनका एडमिट कार्ड ही उनका टिकट होगा। इसके लिए उन्हे अपने एडमिट कार्ड की छायाप्रति कंडक्टर को देनी होगी।

ओएमआर सीट भरने के लिए 5 मिनट एक्स्ट्रा

योगी सरकार की ओर से सभी अभ्यर्थियों को 5 मिनट एक्स्ट्रा ओएमआर सीट भरने के लिए दिए जा रहे हैं। वहीं 23 अगस्त को होने वाली परीक्षा के लिए मंगलवार से बोर्ड की वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड होना शुरू हो गए हैं। 20 अगस्त को दोपहर एक बजे तक 3,56,918 अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं। जबकि 4 लाख 60 हजार अभ्यर्थी दो पॉली में परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि सभी अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि के तीन दिन पहले डाउनलोड कर सकते हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com