

UP Government Jobs : अगर आप उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तलाश कर रही हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। बिजनौर और कानपुर नगर जिले में आंगनवाड़ी भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 787 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें बिजनौर जिले में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के 528 पद, जबकि कानपुर नगर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 259 पद शामिल हैं।
आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक महिला उम्मीदवार 15 जुलाई 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट upanganwadibharti.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन पूरा कर लें।
इस भर्ती में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए उम्मीदवार का 12वीं (इंटरमीडिएट) पास होना जरूरी है, जबकि आंगनवाड़ी सहायिका पद के लिए 5वीं पास महिला उम्मीदवार भी आवेदन कर सकती हैं। उच्च शैक्षणिक योग्यता रखने वाली अभ्यर्थियां भी आवेदन के लिए पात्र होंगी।
दोनों पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर होगी और आरक्षित वर्ग की महिला उम्मीदवारों को उत्तर प्रदेश सरकार के नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। भर्ती में चयन विभाग द्वारा तय प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल पर जाकर नया रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर और ईमेल से सत्यापन कर लॉगिन करें। फिर जिला, परियोजना, ग्राम पंचायत या वार्ड का चयन करके आवेदन फॉर्म भरें।
आवेदन के दौरान पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और यदि लागू हो तो जाति प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा।
सभी जानकारी ध्यान से जांचने के बाद आवेदन फॉर्म सबमिट करें और भविष्य के लिए उसका प्रिंट या पीडीएफ सुरक्षित रख लें। यह भर्ती उन महिलाओं के लिए बेहतर अवसर है जो अपने जिले में रहकर सरकारी सेवा से जुड़ना चाहती हैं।