

SBI Apprentice Vacancy : बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने अप्रेंटिस भर्ती 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले उम्मीदवारों को 8 जून 2026 तक आवेदन करने का मौका दिया गया था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 15 जून 2026 कर दिया गया है।
ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उनके पास इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का एक और मौका है। SBI की इस भर्ती के तहत देशभर में कुल 7150 अप्रेंटिस पदों को भरा जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को बैंक की विभिन्न शाखाओं में एक वर्ष का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह भर्ती अप्रेंटिस अधिनियम, 1961 के तहत आयोजित की जा रही है और प्रशिक्षण अवधि के दौरान उम्मीदवारों को 15,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड भी दिया जाएगा।
भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) की डिग्री होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी ने अपनी डिग्री 1 अप्रैल 2026 या उससे पहले पूरी कर ली हो। आयु सीमा और अन्य पात्रता संबंधी शर्तें आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार लागू होंगी।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 300 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा। वहीं आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार शुल्क में छूट प्रदान की जा सकती है। आवेदन शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किया जाएगा।
उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा, स्थानीय भाषा परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। अंतिम चयन बैंक द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को SBI की आधिकारिक वेबसाइट sbi.bank.in पर जाना होगा। वहां “Join SBI” और फिर “Current Openings” सेक्शन में जाकर SBI Apprentice Recruitment 2026 के लिंक पर क्लिक करना होगा।
इसके बाद रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर आवेदन फॉर्म भरना होगा, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे और आवेदन जमा करना होगा। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें ताकि किसी तकनीकी समस्या से बचा जा सके।