RMLIMS Recruitment 2026: लखनऊ के लोहिया संस्थान में 74 गैर-शिक्षण पदों पर भर्ती, 10वीं से ग्रेजुएट तक मौका

RMLIMS Vacancy : लखनऊ के RMLIMS में ग्रुप B, C और D के 74 गैर-शिक्षण पदों पर भर्ती की जाएगी। 10वीं से ग्रेजुएट तक योग्य उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे।
RMLIMS Lucknow will recruit for 74 non-teaching posts.
डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान(फोटो - गूगल इमेज)
Published on
Updated on

RMLIMS Jobs 2026 : डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS), लखनऊ ने गैर-शिक्षण पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत ग्रुप ‘बी’, ‘सी’ और ‘डी’ के कुल 74 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के माध्यम से होगा। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अक्तूबर 2026 के पहले या दूसरे सप्ताह में शुरू होने की उम्मीद है। आवेदन शुरू होने के बाद इच्छुक उम्मीदवार संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए फॉर्म भर सकेंगे।

अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता भी अलग निर्धारित की गई है। प्रोग्रामर पद के लिए कंप्यूटर साइंस या कंप्यूटर इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक अथवा कंप्यूटर एप्लीकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन मांगा गया है। मेडिकल फिजिसिस्ट और रेडिएशन सेफ्टी ऑफिसर के लिए संबंधित क्षेत्र में उच्च शैक्षणिक योग्यता और निर्धारित प्रशिक्षण जरूरी है। वहीं, हॉस्पिटल अटेंडेंट ग्रेड-II के लिए 10वीं पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकेंगे।

स्टेनोग्राफर और रिसेप्शनिस्ट के लिए खास योग्यता

स्टेनोग्राफर पद के लिए 55 प्रतिशत से अधिक अंकों के साथ ग्रेजुएशन या समकक्ष योग्यता जरूरी है। उम्मीदवार को हिंदी और अंग्रेजी में 80 शब्द प्रति मिनट की शॉर्टहैंड तथा अंग्रेजी में 40 या हिंदी में 35 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड आनी चाहिए। इसके अलावा कंप्यूटर का ज्ञान भी जरूरी है। रिसेप्शनिस्ट पद के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता या जनसंपर्क में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा मांगा गया है।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित है। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों को जीएसटी सहित 1,180 रुपये जमा करने होंगे। एससी और एसटी उम्मीदवारों के लिए कुल शुल्क 708 रुपये है, जबकि दिव्यांग उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।

100 अंकों की होगी CBT, स्किल टेस्ट भी

भर्ती की स्क्रीनिंग परीक्षा केवल मुख्य परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करने के उद्देश्य से होगी। इसके अंक अंतिम मेरिट में नहीं जोड़े जाएंगे। न्यूनतम निर्धारित अंक हासिल करने वाले उम्मीदवारों में से प्रत्येक श्रेणी में उपलब्ध पदों की संख्या के 10 गुना अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। CBT में कुल 100 अंक होंगे। इसमें पद से संबंधित विषय के 60 अंक, सामान्य अंग्रेजी के 10, सामान्य ज्ञान के 10, तर्कशक्ति के 10 और गणितीय योग्यता के 10 अंक होंगे।

स्टेनोग्राफर जैसे पदों के लिए मुख्य परीक्षा के बाद स्किल टेस्ट भी होगा। इसमें पदों की संख्या के पांच गुना उम्मीदवारों को बुलाया जाएगा। स्टेनोग्राफी और टाइपिंग टेस्ट में हिंदी व अंग्रेजी के लिए मंगल/कृतिदेव 10 फॉन्ट का विकल्प दिया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार लेवल-1 से लेवल-10 तक का वेतन मिलेगा, जिसमें शुरुआती मूल वेतन 18,000 रुपये से 56,100 रुपये तक होगा।

RMLIMS Lucknow will recruit for 74 non-teaching posts.
UPTET Result 2026: 60 जिलों के 955 केंद्रों पर हुई परीक्षा का परिणाम जारी, जानें कैसे करें चेक अपना रिजल्ट
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com