

Technology Internship : कॉलेज में पढ़ाई कर रहे बीटेक, एमटेक, बीएससी और एमएससी छात्रों के लिए शानदार अवसर सामने आया है। इलेक्ट्रॉनिक्स और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में करियर बनाने वाले छात्रों के लिए राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान यानी National Institute of Electronics & Information Technology ने समर इंटर्नशिप 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की है।
यह 8 सप्ताह का ऑनलाइन इंटर्नशिप प्रोग्राम होगा, जिसे सेमीकंडक्टर और टेक्नोलॉजी से जुड़ी स्किल्स विकसित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। आवेदन प्रक्रिया 31 मई तक जारी रहेगी। यह इंटर्नशिप इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सहयोग से चलाई जा रही है।
इंटर्नशिप के दौरान चयनित छात्रों को VLSI चिप डिजाइन, एम्बेडेड सिस्टम, सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी और अन्य तकनीकी विषयों से जुड़ी ट्रेनिंग दी जाएगी। छात्रों को RTL एवं IP इंटीग्रेशन, सिंथेसिस, फिजिकल डिजाइन, सब-सिस्टम इंटीग्रेशन और डीबग जैसी प्रैक्टिकल चीजों को सीखने का मौका मिलेगा।
यह पूरी तरह ऑनलाइन प्रोग्राम होगा और इसकी अवधि 5 जून से 31 जुलाई 2026 तक रहेगी। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को अधिक से अधिक तकनीकी अनुभव देना है ताकि वे इंडस्ट्री के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।
इस इंटर्नशिप के लिए कुछ शैक्षणिक योग्यताएं भी निर्धारित की गई हैं। बीटेक, एमटेक, बीएससी इलेक्ट्रॉनिक्स और एमएससी इलेक्ट्रॉनिक्स के छात्र आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना नाम, कॉलेज, कोर्स और अन्य जानकारी भर सकते हैं।
अधिक जानकारी और आवेदन के लिए छात्र NIELIT Official Website पर विजिट कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्टिंग और दस्तावेज सत्यापन के बाद इंटर्नशिप में शामिल किया जाएगा।