NEET UG 2026: बढ़ गई मेडिकल सीटों की रेस, कटऑफ में भारी उछाल; जानें किस कैटेगरी को कितने अंक चाहिए
NEET UG 2026 की क्वालीफाइंग कटऑफ रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। Gen-EWS में 69 और OBC, SC-ST में 64 अंकों की बढ़ोतरी हुई। जानें कैटेगरी वाइज कटऑफ और रिजल्ट आंकड़े।
- Written By: अनन्या तिवारी
सांकेतिक फोटो (सोर्स-AI)
NTA NEET UG 2026 Cutoff Reaches Record High Level: NEET UG 2026 के रिजल्ट जारी होने के बाद मेडिकल उम्मीदवारों के बीच कटऑफ को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इस बार NTA की ओर से जारी क्वालीफाइंग कटऑफ पिछले साल के मुकाबले काफी ऊपर पहुंच गई है। खासतौर पर जनरल और EWS कैटेगरी के छात्रों के लिए न्यूनतम क्वालीफाइंग मार्क्स में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।
NTA के आंकड़ों के मुताबिक, इस बार कम छात्रों के परीक्षा में शामिल होने, री-एग्जाम और उम्मीदवारों की बेहतर तैयारी को कटऑफ बढ़ने की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
अनारक्षित वर्ग की कटऑफ में 69 अंकों की बढ़ोतरी
NEET UG 2026 में अनारक्षित (UR) और EWS कैटेगरी के उम्मीदवारों के लिए क्वालीफाइंग मार्क्स 213 अंक तय किए गए हैं। पिछले साल यह सीमा 144 अंक थी। यानी इस बार जनरल और EWS उम्मीदवारों की न्यूनतम कटऑफ में 69 अंकों का बड़ा उछाल आया है।
सम्बंधित ख़बरें
NEET पेपर लीक का दाग और भारी तनाव के बीच लातूर पैटर्न का पलटवार, 1200 से ज्यादा छात्र बनेंगे डॉक्टर
NEET टॉपर श्रावणी कुडाले सुनेत्रा पवार ने किया वीडियो कॉल, बारामती की बेटी को दी बधाई
NEET विवाद और तनाव के बीच महाराष्ट्र का ऐतिहासिक धमाका! टॉप 10 में राज्य के 2 टॉपर, देखें लिस्ट
पुणे में NEET छात्रा ने की आत्महत्या: रिजल्ट के बाद 18 वर्षीय अनुष्का ने लगाया फंदा; जांच में जुटी पुलिस
वहीं, OBC, SC और ST कैटेगरी के लिए भी क्वालीफाइंग कटऑफ बढ़ी है। इन वर्गों के लिए न्यूनतम अंक 177 रहे, जो पिछले साल के 113 अंकों से 64 अंक ज्यादा हैं।
पिछले तीन सालों में बदली NEET कटऑफ
NEET UG के पिछले तीन सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो कटऑफ में लगातार बदलाव देखने को मिला है।
- 2024 (UR/EWS): 720-162 अंक
- 2025 (UR/EWS): 686-144 अंक
- 2026 (UR/EWS): 715-213 अंक
इसी तरह OBC, SC और ST कैटेगरी के लिए भी 2026 में न्यूनतम अंक तेजी से बढ़े हैं। 2024 में जहां यह आंकड़ा 127 अंक था, वहीं 2025 में घटकर 113 हो गया था। इस साल यह बढ़कर 177 अंक तक पहुंच गया।
परीक्षा देने पहुंचे कम छात्र
NEET UG 2026 के लिए करीब 22.80 लाख उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। यह संख्या पिछले साल के आसपास ही रही। हालांकि परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों की संख्या में बड़ी गिरावट देखने को मिली।
इस साल करीब 19.99 लाख उम्मीदवार परीक्षा में बैठे, जबकि 2025 में यह संख्या 22.09 लाख थी। यानी इस बार लगभग 9 प्रतिशत उम्मीदवार परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
इस बार 1.15 लाख कम उम्मीदवार हुए क्वालीफाई
NEET UG 2026 में कुल क्वालीफाई करने वाले उम्मीदवारों की संख्या भी पिछले साल की तुलना में कम रही। 2025 में जहां करीब 12.37 लाख छात्रों ने परीक्षा पास की थी, वहीं इस बार यह संख्या घटकर 11.21 लाख रह गई।
हालांकि, परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों के मुकाबले सफलता दर करीब 56.1 प्रतिशत रही। विशेषज्ञों के मुताबिक, पास होने वाले छात्रों की संख्या में कमी का मुख्य कारण परीक्षा में कम उपस्थिति रही।
यह भी पढ़ें BARC Paramedical Recruitment 2026: पैरामेडिकल के 6 पदों पर भर्ती, 44,900 रुपये तक मिलेगी शुरुआती सैलरी
EWS उम्मीदवारों का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा
इस साल EWS कैटेगरी के उम्मीदवारों ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। इस वर्ग के 61.8% उम्मीदवारों ने NEET UG क्वालीफाई किया।
कैटेगरी के हिसाब से सफलता दर इस प्रकार रही:
- EWS: 61.8 प्रतिशत
- OBC: 60.7 प्रतिशत
- SC: 52.4 प्रतिशत
- General: 51.2 प्रतिशत
- ST: 49 प्रतिशत
पहली बार EWS और OBC दोनों कैटेगरी में सफल उम्मीदवारों की दर 60% से ज्यादा रही।
OBC से सबसे ज्यादा उम्मीदवार हुए पास
कुल सफल उम्मीदवारों की संख्या पर नजर डालें तो OBC कैटेगरी सबसे आगे रही।
- OBC: 5.12 लाख उम्मीदवार
- General: 2.91 लाख उम्मीदवार
- SC: 1.59 लाख उम्मीदवार
- EWS: 95,026 उम्मीदवार
- ST: 63,716 उम्मीदवार
वहीं, PwBD कैटेगरी में परीक्षा देने वाले 8,912 उम्मीदवारों में से 3,666 उम्मीदवार सफल रहे। इस वर्ग की सफलता दर 41.1% रही।
NTA ने बताई कटऑफ बढ़ने की वजह
NTA अधिकारियों के अनुसार री-एग्जाम और छात्रों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिलने की वजह से इस बार प्रदर्शन बेहतर रहा। दोबारा परीक्षा देने वाले उम्मीदवार पहले से ज्यादा तैयार होकर आए जिससे कुल स्कोर बढ़ा और कटऑफ रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई।
एडमिशन कटऑफ होगी अलग
NTA ने यह भी साफ किया है कि जारी की गई कटऑफ केवल क्वालीफाइंग कटऑफ है। मेडिकल कॉलेजों में MBBS, BDS और अन्य कोर्स में दाखिले के लिए एडमिशन कटऑफ इससे काफी ज्यादा होगी।
कॉलेज, राज्य और कैटेगरी के आधार पर मेडिकल सीटों की अंतिम कटऑफ अलग-अलग तय की जाएगी।
