

Apprentice Recruitment : बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने का सपना देख रहे स्नातक युवाओं के लिए अच्छी खबर है। इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 750 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 20 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 जुलाई निर्धारित की गई है, जबकि भर्ती के लिए ऑनलाइन परीक्षा 2 अगस्त 2026 को आयोजित होगी।
यह भर्ती देशभर के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में की जाएगी। सबसे अधिक 200 पद तमिलनाडु, 110 उत्तर प्रदेश, 85 महाराष्ट्र, 53 दिल्ली, 35 बिहार और 35 पश्चिम बंगाल के लिए निर्धारित किए गए हैं।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक होना अनिवार्य है। आयु सीमा 20 से 28 वर्ष निर्धारित की गई है और इसकी गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में ऑनलाइन लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी, जबकि सफल उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के दौरान स्थानीय भाषा की परीक्षा देनी होगी।
चयनित अभ्यर्थियों को एक वर्ष की अप्रेंटिसशिप के दौरान शाखा की श्रेणी के अनुसार 10,000 रुपये से 15,000 रुपये प्रति माह तक स्टाइपेंड दिया जाएगा। हालांकि, स्टाइपेंड के अलावा किसी अन्य प्रकार का भत्ता या कर्मचारी सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 944 रुपये, एससी, एसटी और महिला उम्मीदवारों के लिए 708 रुपये, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 472 रुपये (जीएसटी सहित) निर्धारित किया गया है।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को इंडियन ओवरसीज बैंक की आधिकारिक वेबसाइट iob.in पर जाकर पंजीकरण करना होगा। इसके बाद आवेदन फॉर्म भरकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे और ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा। अंतिम रूप से फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट भविष्य के लिए सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।