

Indian Army JAG 125 Course : एलएलबी कर चुके युवाओं के लिए भारतीय सेना में अधिकारी बनने का शानदार अवसर है। भारतीय सेना ने जज एडवोकेट जनरल (JAG) 125 एंट्री स्कीम के तहत शॉर्ट सर्विस कमीशन (SSC) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के माध्यम से चयनित महिला और पुरुष उम्मीदवारों को सीधे लेफ्टिनेंट रैंक पर नियुक्ति मिलेगी।
सबसे खास बात यह है कि इस भर्ती में कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। इच्छुक उम्मीदवार 17 अगस्त 2026 तक भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के तहत कुल 10 पद भरे जाएंगे और चयनित अभ्यर्थियों को ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA), चेन्नई में 48 सप्ताह का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ एलएलबी (3 वर्षीय या 5 वर्षीय) की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके अलावा CLAT PG 2026 का वैध स्कोर भी जरूरी होगा। उम्मीदवार को बार काउंसिल ऑफ इंडिया या संबंधित राज्य बार काउंसिल में एडवोकेट के रूप में पंजीकरण के योग्य होना चाहिए।
आयु सीमा 21 से 27 वर्ष निर्धारित की गई है। यानी उम्मीदवार का जन्म 2 जनवरी 2000 से पहले और 1 जनवरी 2006 के बाद नहीं होना चाहिए। प्रशिक्षण के दौरान उम्मीदवारों को 56,100 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा, जबकि कमीशन मिलने के बाद लेफ्टिनेंट के रूप में 56,100 रुपये से 1,77,500 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।
चयन प्रक्रिया पूरी तरह आवेदन की शॉर्टलिस्टिंग, एसएसबी इंटरव्यू, मेडिकल परीक्षा और मेरिट सूची पर आधारित होगी। आवेदन के आधार पर उम्मीदवारों को एसएसबी इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
इंटरव्यू प्रयागराज, भोपाल, बेंगलुरु और जालंधर स्थित चयन केंद्रों पर आयोजित होगा और यह पांच दिनों तक चलेगा। इसके बाद सफल उम्मीदवारों का मेडिकल परीक्षण होगा और अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी।
चयनित अभ्यर्थियों को ओटीए चेन्नई में प्रशिक्षण के लिए जॉइनिंग लेटर भेजा जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर रजिस्ट्रेशन कर आवेदन फॉर्म भर सकते हैं और निर्धारित समय सीमा से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।