PNB LBO Recruitment 2026: पंजाब नेशनल बैंक में 545 लोकल बैंक ऑफिसर पदों पर भर्ती, 85,920 रुपये तक सैलरी

PNB LBO Vacancy : पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने 545 लोकल बैंक ऑफिसर (LBO) पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। ऑनलाइन आवेदन 20 जुलाई से 9 अगस्त 2026 तक होंगे।
Punjab National Bank has invited online applications for 545 Local Bank Officer posts, with the application window open from July 20 to August 9, 2026.
पंजाब नेशनल बैंक (फोटो - गूगल इमेज)
Updated on

PNB LBO Jobs : बैंकिंग सेक्टर में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए शानदार अवसर है। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने जूनियर मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-I (JMGS-I) के तहत लोकल बैंक ऑफिसर (LBO) के 545 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है।

इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 जुलाई 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 9 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। भर्ती विभिन्न राज्यों के लिए निकाली गई है और अभ्यर्थी केवल एक राज्य के लिए आवेदन कर सकते हैं। सबसे अधिक 85 पद असम, 80 पश्चिम बंगाल, 78 कर्नाटक, 77 गुजरात, 67 महाराष्ट्र, 51 तमिलनाडु और 41 तेलंगाना के लिए निर्धारित किए गए हैं। अंतिम चयन राज्यवार और श्रेणीवार मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा।

पंजाब नेशनल बैंक में 545 पदों पर भर्ती

इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक (Graduation) होना अनिवार्य है। आवेदन के समय डिग्री या अंतिम मार्कशीट उपलब्ध होनी चाहिए। साथ ही, उम्मीदवार के पास स्नातक के बाद किसी अनुसूचित वाणिज्यिक बैंक या क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) में क्लर्क या अधिकारी के रूप में कम से कम एक वर्ष का कार्य अनुभव होना चाहिए।

जिस राज्य के लिए आवेदन किया जा रहा है, वहां की स्थानीय भाषा पढ़ने, लिखने और बोलने का ज्ञान भी अनिवार्य है। आयु सीमा 20 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है और इसकी गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी।

आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी। चयनित उम्मीदवारों को 48,480 रुपये से 85,920 रुपये प्रतिमाह वेतनमान के अलावा महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA), मेडिकल सुविधा, लीव फेयर कंसेशन (LFC) और अन्य बैंकिंग भत्तों का लाभ मिलेगा।

आवेदन 20 जुलाई से 9 अगस्त 2026 तक होंगे

चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन, स्थानीय भाषा दक्षता परीक्षा (LLPT) और व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल होंगे। नियुक्ति के बाद उम्मीदवारों की दो वर्ष की प्रोबेशन अवधि होगी। साथ ही उन्हें चयनित राज्य में 9 वर्ष तक या SMG Scale-IV में पदोन्नति होने तक, जो पहले हो, वहीं कार्य करना होगा।

उम्मीदवारों को तीन वर्ष की सेवा का बॉन्ड भी भरना होगा। यदि वे निर्धारित अवधि से पहले नौकरी छोड़ते हैं तो 2 लाख रुपये का भुगतान करना होगा। बैंक में जॉइनिंग के समय उम्मीदवार का CIBIL स्कोर कम से कम 680 होना चाहिए।

आवेदन शुल्क SC/ST/PwBD वर्ग के लिए 59 रुपये, जबकि अन्य सभी वर्गों के लिए 1180 रुपये निर्धारित किया गया है। इच्छुक उम्मीदवार PNB की आधिकारिक वेबसाइट pnb.bank.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com