

Indian Army Paid Internship : भारतीय सेना ने युवाओं के लिए इंडियन आर्मी इंटर्नशिप प्रोग्राम (IAIP) 2026-27 के दूसरे संस्करण की शुरुआत कर दी है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और युवा प्रोफेशनल्स को रक्षा क्षेत्र की आधुनिक तकनीकों और वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना है। इच्छुक उम्मीदवार नेशनल इंटर्नशिप पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
चयनित उम्मीदवारों को भारतीय सेना के अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में काम करने का अवसर मिलेगा। यह इंटर्नशिप नई दिल्ली और एनसीआर में आयोजित होगी और कुल 75 दिनों की होगी। इसमें 60 दिन ऑन-साइट ट्रेनिंग और 15 दिन वर्क फ्रॉम होम (WFH) शामिल रहेगा।
इस इंटर्नशिप के तहत उम्मीदवारों को कई उभरते और रणनीतिक क्षेत्रों में काम करने का अवसर मिलेगा। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग (ML), साइबर सिक्योरिटी, एथिकल हैकिंग, क्वांटम कंप्यूटिंग, क्रिप्टोग्राफी, ड्रोन एवं UAV, रोबोटिक्स, स्पेस और सैटेलाइट टेक्नोलॉजी, एडवांस्ड वेपन सिस्टम, डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स, 5G/6G कम्युनिकेशन, फिनटेक और मास कम्युनिकेशन जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को उपस्थिति के आधार पर अधिकतम ₹75,000 तक स्टाइपेंड दिया जाएगा। हालांकि, रहने की व्यवस्था उम्मीदवारों को स्वयं करनी होगी और कार्यक्रम पूरा होने के बाद नौकरी या प्लेसमेंट की कोई गारंटी नहीं होगी।
इस कार्यक्रम से युवाओं को रक्षा क्षेत्र की कार्यप्रणाली को करीब से समझने, विशेषज्ञों के साथ काम करने और अत्याधुनिक तकनीकों पर व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा। साथ ही यह रिसर्च, डिफेंस टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक छात्रों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार नेशनल इंटर्नशिप पोर्टल पर जाकर उपलब्ध प्रोजेक्ट्स, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी देख सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन से पहले सभी दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ लें और अपनी रुचि के अनुसार उपयुक्त इंटर्नशिप का चयन करें।