

Agniveer Recruitment Result : भारतीय सेना ने अग्निवीर कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। 1 जून से 16 जून 2026 के बीच आयोजित इस परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ARO (Army Recruitment Office) के अनुसार जारी मेरिट लिस्ट PDF में अपना परिणाम देख सकते हैं।
सेना भर्ती कार्यालयों के अनुसार जारी सूची में जिन उम्मीदवारों का नाम या रोल नंबर शामिल है, उन्हें भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए अस्थायी रूप से चयनित माना जाएगा। उम्मीदवार अपनी संबंधित ARO मेरिट लिस्ट डाउनलोड कर Ctrl + F की मदद से अपना रोल नंबर या नाम आसानी से खोज सकते हैं।
हालांकि CEE परीक्षा में सफल होना अंतिम चयन नहीं है। मेरिट लिस्ट में स्थान पाने वाले अभ्यर्थियों को अब भर्ती प्रक्रिया के अन्य चरणों से भी गुजरना होगा। इसमें सबसे पहले शारीरिक फिटनेस टेस्ट (PFT) होगा, जिसमें 1.6 किलोमीटर दौड़, पुल-अप्स, पुश-अप्स और सिट-अप्स शामिल हैं।
इसके बाद शारीरिक माप परीक्षण (PMT), दस्तावेज सत्यापन और विस्तृत मेडिकल जांच की जाएगी। कुछ पदों के लिए भर्ती नियमों के अनुसार अतिरिक्त अनुकूलनशीलता परीक्षण भी आयोजित किया जा सकता है। सभी चरण सफलतापूर्वक पास करने वाले उम्मीदवारों का ही अंतिम चयन किया जाएगा।
शारीरिक फिटनेस टेस्ट में प्रदर्शन के आधार पर अंक दिए जाएंगे। 1.6 किलोमीटर दौड़ 5 मिनट 30 सेकंड में पूरी करने वाले उम्मीदवारों को 60 अंक मिलेंगे। 5 मिनट 31 सेकंड से 5 मिनट 45 सेकंड तक दौड़ पूरी करने पर 48 अंक, 5 मिनट 46 सेकंड से 6 मिनट तक 36 अंक और 6 मिनट 1 सेकंड से 6 मिनट 15 सेकंड तक दौड़ पूरी करने पर 24 अंक निर्धारित किए गए हैं।
वहीं 10 पुल-अप्स लगाने पर 40 अंक मिलेंगे। 9 फीट लंबी कूद और जिग-जैग बैलेंस टेस्ट केवल क्वालिफाइंग होंगे और इनके लिए अलग से अंक नहीं दिए जाएंगे। रिजल्ट देखने के लिए उम्मीदवार भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर Agniveer CEE Result 2026 लिंक पर क्लिक करें, अपनी ARO का चयन करें और संबंधित मेरिट लिस्ट PDF डाउनलोड करके अपना रोल नंबर या नाम चेक करें।