

IAF Musician Jobs : भारतीय वायु सेना (IAF) ने अग्निवीरवायु (संगीतकार) भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। इस भर्ती में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पात्र उम्मीदवार हिस्सा ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 20 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट agnipathvayu.cdac.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
भर्ती रैली का आयोजन नई दिल्ली स्थित वायु सेना स्टेशन और बेंगलुरु के निर्धारित केंद्रों पर किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को तय तिथि पर संबंधित भर्ती केंद्र पर उपस्थित होना होगा।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं (मैट्रिक) या समकक्ष परीक्षा पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी को संगीत की अच्छी समझ होनी चाहिए और वह सही सुर, ताल और लय के साथ गीत प्रस्तुत करने में सक्षम होना चाहिए। उम्मीदवार को सूचीबद्ध वाद्ययंत्रों में से कम से कम एक वाद्ययंत्र बजाने में दक्ष होना जरूरी है, जबकि दो वाद्ययंत्रों का ज्ञान रखने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी।
किसी मान्यता प्राप्त संगीत संस्थान से ग्रेड-5 या उससे ऊपर का प्रमाणपत्र, हिंदुस्तानी या कर्नाटक शास्त्रीय संगीत में डिप्लोमा अथवा संगीत प्रतियोगिताओं में भागीदारी से जुड़े प्रमाणपत्र भी मान्य होंगे। चयनित उम्मीदवारों को पहले वर्ष 30,000 रुपये मासिक पैकेज मिलेगा, जो चौथे वर्ष बढ़कर 40,000 रुपये तक पहुंच जाएगा।
चयन प्रक्रिया में सबसे पहले दस्तावेज सत्यापन होगा। इसके बाद उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PFT) देनी होगी, जिसमें 1.6 किलोमीटर दौड़, पुश-अप्स, सिट-अप्स और स्क्वैट्स शामिल हैं। इसके बाद 30 मिनट की अंग्रेजी लिखित परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 30 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे और इसमें कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
सफल अभ्यर्थियों को संगीत प्रवीणता परीक्षा (MPT) और फिर मेडिकल टेस्ट से गुजरना होगा। आवेदन के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट agnipathvayu.cdac.in पर रजिस्ट्रेशन कर व्यक्तिगत, शैक्षणिक और संगीत संबंधी जानकारी भरनी होगी। फोटो, हस्ताक्षर और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान कर फॉर्म जमा किया जा सकेगा। यह भर्ती भारतीय वायु सेना से जुड़ने का बेहतरीन अवसर है।