

India Post ABPM Vacancy : भारत सरकार के संचार मंत्रालय के डाक विभाग ने ग्रामीण डाक सेवक (GDS) भर्ती 2026 की अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के तहत देशभर के अलग-अलग डाकघरों में शाखा पोस्टमास्टर (BPM), सहायक शाखा पोस्टमास्टर (ABPM) और डाक सेवक के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
भर्ती के लिए ऑनलाइन एकमुश्त पंजीकरण की प्रक्रिया 31 अगस्त 2026 से शुरू होगी, जबकि ऑनलाइन आवेदन 2 सितंबर से स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा पास होना जरूरी है।
10वीं में गणित और अंग्रेजी विषय होना अनिवार्य है। इसके अलावा उम्मीदवार को संबंधित पद के लिए निर्धारित स्थानीय भाषा की जानकारी 10वीं कक्षा तक होनी चाहिए। अरुणाचल प्रदेश, गोवा, सिक्किम और नागालैंड के उम्मीदवारों के लिए स्थानीय भाषा को लेकर अलग नियम लागू होंगे।
आवेदन शुल्क सामान्य उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये निर्धारित किया गया है। हालांकि, एससी, एसटी, दिव्यांगजन, महिला और ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों को शुल्क का भुगतान नहीं करना होगा। वेतन की बात करें तो BPM पद पर चयनित उम्मीदवारों को 12,000 से 29,380 रुपये तक टीआरसीए मिलेगा।
वहीं, ABPM और डाक सेवक पदों के लिए 10,000 से 24,470 रुपये तक टीआरसीए निर्धारित है। इन पदों पर रोजाना न्यूनतम चार और अधिकतम पांच घंटे काम करना होगा। आवेदन के लिए उम्मीदवारों को 10वीं की मार्कशीट, पहचान पत्र, जन्मतिथि का प्रमाण, जाति प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र और दिव्यांगता प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज तैयार रखने होंगे।
जहां जरूरी हो, स्थानीय या जनजातीय भाषा के ज्ञान से जुड़ा प्रमाण पत्र भी देना होगा। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को भर्ती की पूरी अधिसूचना ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
चयनित उम्मीदवारों को एसएमएस या ईमेल के जरिए सूचना दी जाएगी। इसके बाद उन्हें 15 दिनों के भीतर दस्तावेजों के भौतिक सत्यापन के लिए उपस्थित होना होगा। दस्तावेज सही पाए जाने पर सिस्टम के माध्यम से अनंतिम अनुबंध का प्रस्ताव जारी किया जाएगा। प्रस्ताव मिलने के 30 दिनों के भीतर उम्मीदवारों को नियुक्ति से पहले की आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी।
इसमें तीन दिन का बेसिक प्रशिक्षण और रहने की व्यवस्था से जुड़ी प्रक्रिया शामिल है। इसके बाद दस्तावेज और पुलिस सत्यापन रिपोर्ट प्राप्त होने पर अंतिम नियुक्ति आदेश जारी किया जाएगा। आवेदन के लिए पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर OTR पूरा करना होगा।
इसके बाद लॉगिन करके व्यक्तिगत और 10वीं से जुड़ी जानकारी भरनी होगी, पसंदीदा पद और विभाग चुनना होगा तथा निर्धारित आकार में फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे। शुल्क लागू होने पर भुगतान कर आवेदन जमा करना होगा और उसकी प्रति सुरक्षित रखनी होगी।