

NFC Jobs : न्यूक्लियर फ्यूल कॉम्प्लेक्स (NFC) ने आईटीआई ट्रेड अप्रेंटिस के 431 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 27 अगस्त 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 16 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार एनएफसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
उम्मीदवार का 10वीं कक्षा पास होने के साथ संबंधित ट्रेड में आईटीआई प्रमाणपत्र होना जरूरी है। इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें स्नातकोत्तर डिग्री वाले उम्मीदवार आवेदन नहीं कर सकेंगे।
इसके अलावा, जिन अभ्यर्थियों ने पहले किसी सरकारी, सार्वजनिक क्षेत्र या निजी संस्थान में अप्रेंटिसशिप की है या वर्तमान में कर रहे हैं, वे भी पात्र नहीं होंगे। आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम (NAPS) पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी है और आवेदन भी इसी पोर्टल के जरिए करना होगा।
आयु सीमा की बात करें तो आवेदन की अंतिम तारीख यानी 16 सितंबर 2026 तक उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। सामान्य वर्ग के लिए अधिकतम आयु 25 वर्ष रखी गई है। ओबीसी उम्मीदवारों को अधिकतम 28 वर्ष और एससी/एसटी उम्मीदवारों को 30 वर्ष तक की आयु में आवेदन करने की छूट मिलेगी। आरक्षण का लाभ लेने वाले उम्मीदवारों को NAPS पोर्टल पर पंजीकरण के दौरान अपनी श्रेणी की सही जानकारी देनी होगी।
चयन प्रक्रिया में कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। NAPS पोर्टल से प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद उपलब्ध रिक्तियों के अनुसार उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। चयन की सूचना उम्मीदवारों को ईमेल के माध्यम से दी जाएगी। ज्वाइनिंग के समय मूल दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। गलत जानकारी देने या तथ्य छिपाने पर किसी भी चरण में उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है।
चयनित उम्मीदवारों को संबंधित ट्रेड में अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग पूरी करनी होगी। ट्रेनिंग समाप्त होने के बाद उम्मीदवारों को ट्रेड टेस्ट देना होगा। ट्रेड टेस्ट में सफल अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण पूरा करने के बाद डीजीटी की ओर से नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा। आवेदन से पहले उम्मीदवारों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनका NAPS पोर्टल पर पंजीकरण पूरा है और उनकी शैक्षणिक योग्यता संबंधित ट्रेड की आवश्यकता के अनुसार है।
आवेदन करते समय व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी सही-सही भरनी होगी तथा मांगे गए दस्तावेज अपलोड करने होंगे। उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन जमा करने से पहले फॉर्म में दर्ज सभी जानकारी अच्छी तरह जांच लें। 431 पदों वाली यह भर्ती 10वीं और आईटीआई पास युवाओं के लिए सरकारी संस्थान में अप्रेंटिसशिप का अच्छा अवसर है।