

Faculty Vacancy : टीचिंग और रिसर्च के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए आईआईएम कोझिकोड में शानदार मौका है। संस्थान ने असिस्टेंट प्रोफेसर ग्रेड-1 और असिस्टेंट प्रोफेसर ग्रेड-2 के कुल 28 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आईआईएम कोझिकोड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 17 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 30 सितंबर 2026 तक फॉर्म भर सकते हैं।
इस भर्ती में रणनीतिक प्रबंधन, वित्त, लेखांकन एवं नियंत्रण, संगठनात्मक व्यवहार एवं मानव संसाधन, प्रबंधन में मानविकी एवं उदार कला, निर्णय विज्ञान एवं संचालन प्रबंधन और सूचना प्रणाली जैसे क्षेत्रों में नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों के लिए यूजीसी नेट अनिवार्य नहीं है। हालांकि, पद के अनुसार पीएचडी, शैक्षणिक योग्यता, शोध अनुभव और प्रकाशन से जुड़ी निर्धारित शर्तों को पूरा करना जरूरी होगा।
असिस्टेंट प्रोफेसर ग्रेड-1 के लिए उम्मीदवार के पास पीएचडी या उसके समकक्ष डिग्री होनी चाहिए। पिछली शैक्षणिक योग्यताओं में कम से कम 60 प्रतिशत अंक या निर्धारित ग्रेड होना जरूरी है। पीएचडी किसी ऐसे मान्यता प्राप्त संस्थान से होनी चाहिए, जो एफटी ग्लोबल, क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग, वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग या एनआईआरएफ रैंकिंग में शामिल हो। इसके अलावा पीएचडी के बाद कम से कम तीन वर्ष का शिक्षण या शोध अनुभव और कम से कम एक शोध पत्र प्रकाशित होना चाहिए।
ग्रेड-2 के लिए भी पीएचडी और कम से कम एक शोध प्रकाशन की शर्त रखी गई है। इस पद के लिए तीन वर्ष से कम अनुभव वाले उम्मीदवार भी पात्र हो सकते हैं। यानी यूजीसी नेट पास नहीं करने वाले उम्मीदवार भी निर्धारित अन्य योग्यताएं पूरी होने पर आवेदन कर सकते हैं। ग्रेड-1 के पदों के लिए पे लेवल-12/13ए1 और ग्रेड-2 के लिए पे लेवल-10/11 के अनुसार वेतन दिया जाएगा।
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के बजाय शॉर्टलिस्टिंग, सेमिनार, दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। सबसे पहले उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता, शोध कार्य, प्रकाशन और अनुभव सहित अन्य मानकों के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को सेमिनार में प्रस्तुति देनी होगी और इसी दौरान जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
इसके बाद सफल उम्मीदवारों को फैकल्टी साक्षात्कार समिति के सामने इंटरव्यू देना होगा। साक्षात्कार आईआईएम कोझिकोड परिसर में आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले भर्ती की आधिकारिक अधिसूचना में अपनी पात्रता और सभी जरूरी शर्तें ध्यान से जांच लें। आवेदन की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 है, इसलिए उम्मीदवार समय रहते ऑनलाइन आवेदन पूरा कर लें।