DU में एक वर्षीय पोस्टग्रेजुएट कोर्स के लिए आवेदन शुरू, जानिए कौन कर सकता है अप्लाई और क्या है पूरी प्रक्रिया
Delhi University PG: दिल्ली यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एक वर्षीय पीजी प्रोग्राम में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पात्र छात्र 11 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
- Written By: अनन्या तिवारी
सांकेतिक तस्वीर (सोर्स-AI)
Delhi University One Year PG Admission 2026: उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई शिक्षा नीति (NEP 2020) के तहत लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इसी क्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने पहली बार अपने एक वर्षीय पोस्टग्रेजुएट (PG) प्रोग्राम्स में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी है।यह पहल उन छात्रों के लिए खास मानी जा रही है, जिन्होंने चार वर्षीय स्नातक (UGCF 2022) कार्यक्रम पूरा किया है और अब कम समय में मास्टर डिग्री हासिल करना चाहते हैं। इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार 11 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय के अनुसार, इस नए प्रोग्राम का उद्देश्य योग्य छात्रों को पारंपरिक दो वर्षीय पीजी कोर्स के बजाय केवल एक वर्ष में पोस्ट ग्रेजुएशन पूरा करने का अवसर उपलब्ध कराना है। हालांकि इसका लाभ केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को मिलेगा, जो विश्वविद्यालय द्वारा तय की गई पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं। प्रवेश पूरी तरह मेरिट के आधार पर दिया जाएगा।
यही विद्यार्थी कर सकते है आवेदन
एक वर्षीय पीजी प्रोग्राम में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का दिल्ली यूनिवर्सिटी से स्नातक होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी ने UGCF 2022 के तहत चार वर्षीय ऑनर्स या रिसर्च आधारित अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम सफलतापूर्वक पूरा किया हो। विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार के पास निर्धारित शैक्षणिक क्रेडिट पूरे होने चाहिए, तभी वह इस कोर्स के लिए पात्र माना जाएगा।
सम्बंधित ख़बरें
नवभारत लीडरशिप कॉन्क्लेव 2026: दिल्ली में जुटने जा रहे देश के ये बड़े दिग्गज, जानिए इस महामंथन में क्या है खास
UP Anganwadi Recruitment 2026: यूपी के 13 जिलों में 2,827 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पदों पर भर्ती, 12वीं पास महिलाए
TSLPRB Recruitment 2026: तेलंगाना में 7,437 पुलिस, फायर और जेल विभाग की भर्तियों को मंजूरी, नोटिफिकेशन जल्द
दिल्ली के एक गोदाम में लगी आग, 25 से ज्यादा दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची; कोई हताहत नहीं
प्रवेश के लिए नहीं होगी प्रवेश परीक्षा
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने बताया है कि इस कोर्स में दाखिले के लिए किसी अलग प्रवेश परीक्षा का आयोजन नहीं किया जाएगा। छात्रों का चयन उनकी ग्रेजुएशन में प्राप्त अंकों और निर्धारित पात्रता के आधार पर तैयार की जाने वाली मेरिट लिस्ट के जरिए किया जाएगा। यानी उम्मीदवारों का शैक्षणिक प्रदर्शन ही चयन का मुख्य आधार होगा।
GAT-B 2026 पास उम्मीदवारों के लिए भी मौका
एक वर्षीय पीजी प्रोग्राम के अलावा दिल्ली यूनिवर्सिटी ने GAT-B 2026 परीक्षा पास कर चुके उम्मीदवारों के लिए दो वर्षीय एमएससी इन प्लांट मॉलिक्यूलर बायोलॉजी एंड बायोटेक्नोलॉजी कोर्स में भी आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस कार्यक्रम के लिए भी आवेदन की अंतिम तिथि 11 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे अभ्यर्थी, जो निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, तय समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन होगा आवेदन
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। सबसे पहले उम्मीदवारों को दिल्ली यूनिवर्सिटी के पीजी एडमिशन पोर्टल पर जाकर अपने रजिस्टर्ड लॉगिन क्रेडेंशियल्स की मदद से साइन इन करना होगा। इसके बाद अपनी पसंद का एक वर्षीय पीजी प्रोग्राम चुनकर आवेदन फॉर्म भरना होगा। सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद दर्ज की गई जानकारी को एक बार अच्छी तरह जांच लें। सभी विवरण सही होने पर आवेदन फॉर्म सबमिट करें और भविष्य के लिए कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर उसका प्रिंट अपने पास सुरक्षित रख लें।
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने छात्रों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले पात्रता से जुड़ी सभी शर्तों और दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। अंतिम समय की तकनीकी परेशानी से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करना बेहतर रहेगा।
