

Highlights:
दिल्ली के निजी स्कूलों में एडमिशन के लिए आवेदन 1 दिसंबर से 28 दिसंबर 2026 तक किए जा सकेंगे।
नए नियमों के तहत नर्सरी के लिए 3 से 4 वर्ष, LKG के लिए 4 से 5 वर्ष और UKG के लिए 5 से 6 वर्ष की आयु निर्धारित है।
आवेदनकर्ताओं के पॉइंट्स 4 जनवरी 2027 को जारी होंगे और अभिभावक 5 से 11 जनवरी तक आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
Delhi Private School LKG, UKG Admission 2027-28: अगर आप भी अपने बच्चों के एडमिशन दिल्ली के सरकारी स्कुलों में कराने की सोच रहें हैं, तो ये खबर आपके लिए अहम साबित होने वाली है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए नर्सरी, लोअर केजी, अपर केजी और कक्षा 1 में प्रवेश की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन करने के लिए अभिभावकों को 28 दिसंबर तक का समय मिलेगा।
आपको बता दें कि इस बार एडमिशन प्रक्रिया में एक बदलाव किया गया है। अब लोअर केजी और अपर केजी को अलग-अलग प्रवेश स्तर की कक्षाओं के रूप में शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों की उम्र के आधार पर दाखिले के नियम भी नए सिरे से तय किए गए हैं। ऐसे में फॉर्म भरने से पहले अभिभावकों के लिए यह जानना जरूरी है कि उनका बच्चा किस कक्षा में प्रवेश के लिए योग्य है और आवेदन की पूरी समय-सीमा क्या होगी।
दिल्ली के निजी स्कूलों में नर्सरी, लोअर केजी, अपर केजी और कक्षा 1 में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। अभिभावक 28 दिसंबर 2026 तक आवेदन फॉर्म जमा कर सकेंगे। स्कूलों को आवेदन की अंतिम तारीख तक अभिभावकों को फॉर्म उपलब्ध कराना होगा।
वहीं, एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन फीस अधिकतम 25 रुपये रखी गई है। यह राशि वापस नहीं की जाएगी। वहीं, स्कूल का प्रॉस्पेक्टस खरीदना अभिभावकों के लिए अनिवार्य नहीं होगा।
नए शैक्षणिक सत्र से फाउंडेशनल स्टेज की कक्षाओं के लिए उम्र की अलग-अलग सीमा तय की गई है। बच्चों की उम्र की गणना 31 मार्च 2027 के आधार पर होगी।
बता दें कि शिक्षा निदेशालय के नए निर्देशों के तहत शैक्षणिक सत्र 2027-28 से लोअर केजी और अपर केजी को अलग-अलग प्रवेश कक्षाओं के रूप में शुरू किया जाएगा। पहले से पढ़ रहे बच्चों के लिए भी प्रमोशन का क्रम तय किया गया है।
2026-27 में नर्सरी में दाखिला लेने वाले बच्चों को अगले सत्र में LKG में प्रमोट किया जाएगा।
निर्धारित उम्र पूरी करने वाले नए बच्चों को भी LKG में प्रवेश दिया जा सकेगा।
2026-27 में KG में पढ़ रहे बच्चे मौजूदा व्यवस्था के अनुसार 2027-28 में कक्षा 1 में जाएंगे।
इस बदलाव के बाद अभिभावकों को आवेदन करते समय बच्चे की उम्र के साथ उसकी मौजूदा कक्षा का भी ध्यान रखना होगा।
दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने निजी स्कूलों को दाखिले के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी मानदंड अपनाने के निर्देश दिए हैं। स्कूल ऐसे आधारों पर अंक नहीं दे सकेंगे, जिन्हें विभाग पहले ही प्रतिबंधित कर चुका है।
इनमें माता-पिता की शैक्षणिक योग्यता या पेशा, लिंग, धूम्रपान न करने की आदत, शाकाहारी होना और इंटरव्यू के आधार पर चयन जैसे मानदंड शामिल हैं। स्कूलों को निर्धारित नियमों के अनुसार ही आवेदनकर्ताओं का मूल्यांकन करना होगा।
दाखिले की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवेदनकर्ताओं को दिए गए अंकों की जानकारी भी तय तारीख पर सार्वजनिक की जाएगी। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, स्कूल 4 जनवरी 2027 को बच्चों को मिले पॉइंट्स अपलोड करेंगे।
इसके बाद अभिभावकों को 5 से 11 जनवरी तक दिए गए अंकों पर सवाल उठाने या आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिलेगा। स्कूलों को इन आपत्तियों की जांच करनी होगी। अंतिम पॉइंट्स 12 जनवरी 2027 को जारी किए जाएंगे।
अगर किसी स्कूल में उपलब्ध सीटों से अधिक बच्चों के अंक समान रहते हैं, तो दाखिले के लिए लॉटरी निकाली जाएगी। इस प्रक्रिया को पारदर्शी रखना अनिवार्य होगा।
लॉटरी की वीडियोग्राफी कराई जाएगी और इसे अभिभावकों तथा शिक्षा निदेशालय के नामित प्रतिनिधि की मौजूदगी में आयोजित किया जाएगा। स्कूलों को ड्रॉ की तारीख से कम से कम पांच दिन पहले अभिभावकों को इसकी सूचना देनी होगी। इसके अलावा, वास्तविक लॉटरी से पहले अभिभावकों और विभाग के प्रतिनिधि की मौजूदगी में ट्रायल रन भी करना होगा।
एडमिशन प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए जिला स्तर पर मॉनिटरिंग सेल बनाए जाएंगे। ये सेल स्कूलों के दाखिला मानदंडों की जांच करेंगे और नियमों के पालन को सुनिश्चित करेंगे। साथ ही, अभिभावकों की शिकायतों का निपटारा करने की जिम्मेदारी भी इन्हीं की होगी।
इसमें स्कूलों को आवेदनकर्ताओं का विवरण, उन्हें दिए गए अंक और एडमिशन लिस्ट विभाग के पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। मॉनिटरिंग सेल यह भी देखेंगे कि सभी जरूरी जानकारियां समय पर पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई हैं या नहीं।
दिल्ली के निजी स्कूलों में दाखिले के लिए आवेदन 1 दिसंबर से शुरू होंगे और 28 दिसंबर 2026 तक चलेंगे। इस बार LKG और UKG को अलग-अलग प्रवेश कक्षाओं के रूप में शामिल किया गया है, इसलिए बच्चे की उम्र के हिसाब से सही कक्षा चुनना जरूरी है।
अभिभावकों को आवेदन भरने से पहले स्कूल के निर्धारित मानदंड, उम्र की शर्तें और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी ध्यान से देख लेनी चाहिए।