

BRO Vacancy 2026 : सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सीमा सड़क संगठन (BRO) की जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स (GREF) ने विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 899 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इनमें ड्राफ्ट्समैन, हिंदी टाइपिस्ट, स्टोर कीपर टेक्निकल (SKT), ऑपरेटर कम्युनिकेशन, ऑपरेटर एक्सकैवेटिंग मशीनरी (OEM) और इलेक्ट्रीशियन जैसे पद शामिल हैं।
आवेदन प्रक्रिया 21 मई 2026 से शुरू हो चुकी है। सामान्य राज्यों के उम्मीदवार 4 जुलाई 2026 तक और पूर्वोत्तर एवं दूरस्थ क्षेत्रों के उम्मीदवार 19 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती केवल पुरुष उम्मीदवारों के लिए निकाली गई है।
भर्ती में सबसे अधिक 300 पद स्टोर कीपर टेक्निकल और 261 पद ऑपरेटर कम्युनिकेशन के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा 207 पद ऑपरेटर एक्सकैवेटिंग मशीनरी, 79 पद इलेक्ट्रीशियन, 42 पद ड्राफ्ट्समैन और 10 पद हिंदी टाइपिस्ट के लिए हैं। विभिन्न पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता भी अलग-अलग निर्धारित की गई है।
ड्राफ्ट्समैन पद के लिए 12वीं के साथ संबंधित ट्रेड में सर्टिफिकेट, हिंदी टाइपिस्ट के लिए 12वीं पास और हिंदी टाइपिंग का ज्ञान, जबकि ऑपरेटर और इलेक्ट्रीशियन पदों के लिए मैट्रिक तथा आईटीआई या संबंधित तकनीकी योग्यता आवश्यक है। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET), शारीरिक माप परीक्षण, ट्रेड टेस्ट, मेडिकल परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन शामिल होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 5,200 रुपये से 20,200 रुपये तक का वेतन और पदानुसार 1,900 रुपये से 2,800 रुपये तक ग्रेड पे दिया जाएगा। इसके साथ अन्य सरकारी भत्तों का लाभ भी मिलेगा।
आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 50 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों को शुल्क से छूट दी गई है। इच्छुक उम्मीदवार आवेदन पत्र डाउनलोड कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित पते पर डाक के माध्यम से भेज सकते हैं। यह भर्ती सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बेहतरीन अवसर।