

BMC Jobs : बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे मेडिकल कॉलेज और डॉ. रुस्तम नरसी कूपर अस्पताल, जुहू में ग्रुप-डी (क्लास IV) के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 115 पदों को संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) आधार पर भरा जाएगा।
ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 30 जुलाई 2026 तक आवेदन जमा कर सकते हैं। यह भर्ती प्रयोगशाला परिचारक, वार्ड सेवक, सफाईकर्मी, माली, कुली, आया, लिफ्ट ऑपरेटर, इलेक्ट्रीशियन, वायरमैन, दर्जी (शिपाई) सहित कई पदों के लिए आयोजित की जा रही है।
इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का 10वीं (एसएससी) पास होना अनिवार्य है। प्रयोगशाला परिचारक और प्रयोगशाला सेवक पदों के लिए मराठी भाषा पढ़ने, लिखने और बोलने का ज्ञान जरूरी है। इलेक्ट्रीशियन, वायरमैन, लिफ्ट ऑपरेटर जैसे तकनीकी पदों के लिए 10वीं के साथ आईटीआई/एनसीवीटी प्रमाणपत्र या वायरमैन लाइसेंस होना आवश्यक है।
वहीं दर्जी (शिपाई) पद के लिए सिलाई या कटिंग का प्रमाणपत्र अथवा मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित प्रशिक्षण जरूरी होगा। कई पदों पर विभागीय ट्रेड या कौशल परीक्षा भी आयोजित की जाएगी। भर्ती के लिए उम्मीदवार की आयु 1 जुलाई 2026 के अनुसार 18 से 38 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
आवेदन केवल ऑफलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवार कार्य दिवसों में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच अपना आवेदन निर्धारित कार्यालय में जमा कर सकते हैं। शनिवार, रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिन आवेदन स्वीकार नहीं होंगे।
आवेदन के साथ 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, निवास प्रमाण, अनुभव प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की स्व-सत्यापित प्रतियां जमा करनी होंगी। यदि कोई विवाहित महिला आवेदन करती है तो उसे विवाह पंजीकरण प्रमाणपत्र भी संलग्न करना होगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।