

BDL Vacancy : भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (BDL), कंचनबाग यूनिट, हैदराबाद ने ग्रेजुएट अप्रेंटिस और डिप्लोमा अप्रेंटिस के कुल 147 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह भर्ती इंजीनियरिंग की विभिन्न शाखाओं में अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के लिए की जा रही है।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 6 अगस्त 2026 तक NATS (National Apprenticeship Training Scheme) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के तहत 122 ग्रेजुएट अप्रेंटिस और 25 डिप्लोमा अप्रेंटिस पद भरे जाएंगे। चयनित उम्मीदवारों को एक वर्ष का अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके दौरान निर्धारित मासिक स्टाइपेंड भी मिलेगा।
ग्रेजुएट अप्रेंटिस पदों के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित इंजीनियरिंग शाखा में बीई/बीटेक की डिग्री होना अनिवार्य है। वहीं डिप्लोमा अप्रेंटिस पदों के लिए संबंधित विषय में डिप्लोमा होना जरूरी है। दोनों श्रेणियों में केवल वे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने वर्ष 2022 या उसके बाद अपनी डिग्री या डिप्लोमा पूरा किया हो।
भर्ती में सबसे अधिक 69 पद मैकेनिकल इंजीनियरिंग और 43 पद इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के लिए हैं। इसके अलावा सिविल, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस/आईटी तथा डीसीसीपी (कंप्यूटर एंड कमर्शियल प्रैक्टिस) ट्रेड में भी अवसर उपलब्ध हैं। चयनित ग्रेजुएट अप्रेंटिस को 12,300 रुपये प्रति माह, जबकि डिप्लोमा अप्रेंटिस को 10,900 रुपये प्रति माह स्टाइपेंड दिया जाएगा।
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले NATS पोर्टल पर अप्रेंटिस के रूप में पंजीकरण करना होगा। इसके बाद प्राप्त Enrollment ID के साथ अपना रिज्यूमे या सीवी hrkbu-app@bdl-india.in पर ईमेल करना होगा।
आवेदन और पंजीकरण की अंतिम तिथि 6 अगस्त 2026 है। चयन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को 10वीं की मार्कशीट, डिग्री या डिप्लोमा प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, PwBD प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) तथा अन्य मूल दस्तावेज सत्यापन के लिए प्रस्तुत करने होंगे।
भर्ती से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए उम्मीदवार 040-24587917 पर संपर्क कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है।