

NCERT Contractual Vacancy : राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) के केंद्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी संस्थान (CIET) ने वर्ष 2026-27 के लिए 44 संविदा पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। यह भर्ती परियोजना आधारित होगी और चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति 31 मार्च 2027 तक की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार 30 जुलाई 2026 रात 11 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इसके बाद 3 अगस्त से 7 अगस्त 2026 के बीच नई दिल्ली स्थित CIET परिसर में वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को इंटरव्यू वाले दिन सुबह 9 बजे तक रिपोर्ट करना होगा। सुबह 9:30 बजे के बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं मिलेगा। इस भर्ती में लिखित परीक्षा नहीं होगी और चयन पूरी तरह योग्यता, अनुभव तथा इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।
इस भर्ती अभियान के तहत सीनियर कंसल्टेंट (टेक्निकल) के 2, कंसल्टेंट (टेक्निकल) के 5, सीनियर कंसल्टेंट (अकादमिक) के 6, कंसल्टेंट (अकादमिक) के 21, डेटा एनालिस्ट/मोबाइल ऐप डेवलपर के 2, 3D ग्राफिक डेवलपर/एनिमेटर/ग्राफिक डिजाइनर के 4, कंटेंट डेवलपर (टेक्निकल) का 1 और प्रोग्रामर (VAPT Analyst) के 3 पद भरे जाएंगे।
चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 42 हजार रुपये से 1 लाख रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा। टेक्निकल पदों के लिए संबंधित विषय में B.E./B.Tech, M.Tech, MCA या M.Sc (CS/IT) के साथ अनुभव जरूरी है।
वहीं अकादमिक पदों के लिए संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन, M.Ed. तथा कुछ पदों के लिए NET/SET/SLET योग्यता मांगी गई है। अधिकतर पदों के लिए अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित है, जबकि कुछ पदों पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए आयु सीमा 65 से 70 वर्ष तक रखी गई है।
उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन आवेदन की जांच, दस्तावेज सत्यापन और वॉक-इन इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। इंटरव्यू के समय अभ्यर्थियों को मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अनुभव प्रमाणपत्र, निर्धारित प्रारूप में बायोडाटा, पासपोर्ट साइज फोटो, पहचान पत्र तथा यदि लागू हो तो एनओसी साथ लानी होगी।
भर्ती पूरी तरह संविदा आधार पर होगी और नियुक्ति की अवधि 31 मार्च 2027 तक रहेगी। एनसीईआरटी ने स्पष्ट किया है कि इंटर्नशिप या एम.फिल./पीएचडी के दौरान का समय अनुभव में शामिल नहीं किया जाएगा। उम्मीदवार आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना में पात्रता और अन्य शर्तों को ध्यान से जरूर पढ़ लें।