चार साल की सेवा के बाद अग्निवीरों को 2 साल और नौकरी का मौका, फिर भी स्थायी भविष्य को लेकर चिंता बरकरार

Agniveer 2 Years Extension: अग्निपथ योजना में बदलाव के तहत अग्निवीरों को 4 साल की सेवा के बाद 2 साल और नौकरी का मौका मिलेगा। जानें बढ़ी हुई सैलरी, चयन और स्थायी सेवा से जुड़ी जानकारी।
Agniveer 2 Years Extension
अग्निवीरों को 4 साल बाद 2 साल और नौकरीसोर्स-सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • अग्निवीरों को चार साल की सेवा पूरी करने के बाद दो साल और नौकरी करने का मौका मिलेगा।

  • अतिरिक्त सेवा के दौरान अग्निवीरों को पहले से ज्यादा वेतन दिया जाएगा।

  • दो साल बाद नियमित सेना में शामिल होने का एक और मौका मिलेगा, लेकिन चयन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

Agniveer 4 Years Service: सेना में नौकरी करना आज भी देश के लाखों युवाओं का सपना है। इसकी वजह सिर्फ देश की सेवा करना ही नहीं, बल्कि अच्छी नौकरी, नियमित कमाई और परिवार का भविष्य सुरक्षित करना भी है। लेकिन अग्निपथ योजना आने के बाद सेना में नौकरी का तरीका बदल गया। इस योजना में युवाओं को सिर्फ 4 साल के लिए भर्ती किया जाता है और इनमें से 25 फीसदी को ही आगे नियमित सैनिक बनने का मौका मिलता है।

बाकी 75 फीसदी को चार साल बाद सेना से बाहर होना पड़ता है। अब सरकार ने इस व्यवस्था में कुछ बदलाव किया है। जिन अग्निवीरों को चार साल बाद स्थायी नौकरी नहीं मिलेगी, वे दो साल और सेना में काम कर सकेंगे। इस दौरान उनकी सैलरी भी बढ़ेगी। यानी अब उन्हें चार साल बाद अचानक नौकरी छोड़ने के बजाय दो साल और सेना में रहने का मौका मिलेगा। आखिर सरकार ने यह फैसला क्यों लिया और इससे अग्निवीरों को क्या फायदा होगा?

अग्निवीरों को 4 साल बाद मिलेंगे 2 साल और

वहीं, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने 4 नवंबर को बताया कि अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए युवाओं को चार साल की सेवा पूरी करने के बाद दो साल और नौकरी करने का मौका दिया जाएगा।

दरअसल, यह मौका उन अग्निवीरों को मिलेगा, जिन्हें चार साल बाद नियमित सेना में जगह नहीं मिल पाती। इन दो सालों के दौरान उन्हें पहले से ज्यादा वेतन दिया जाएगा। इसके बाद नियमित सेना में शामिल होने के लिए उन्हें एक और मौका मिलेगा।

हालांकि, स्थायी नौकरी पाने के लिए तय चयन प्रक्रिया को पूरा करना होगा। बता दें कि इस फैसले से अग्निवीरों को कुछ और समय तक नौकरी करने, कमाई बढ़ाने और सेना में अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा।

Agniveer 2 Years Extension
अग्निवीरों के लिए बड़ी खुशखबरी! 6 साल की सेवा के बाद सेना में नियमित होने का मिलेगा मौका, CDS ने बताई योजना

4 साल बाद 75 फीसदी अग्निवीरों को छोड़नी पड़ती थी नौकरी

बता दें कि अग्निपथ योजना के तहत भारतीय सेना में भर्ती होने वाले युवाओं को चार साल तक काम करना होता है। उनके चार साल पूरे होने के बाद इनमें से 25 फीसदी को नियमित सैनिक के तौर पर सेना में रखा जाता है, जबकि बाकी 75 फीसदी को सेवा से बाहर होना पड़ता है।

सेवा पूरी होने पर इन युवाओं को एकमुश्त सेवा निधि की रकम दी जाती है, लेकिन नियमित सैनिकों की तरह पेंशन और लंबे समय तक मिलने वाली दूसरी सुविधाएं नहीं मिलतीं।

यही बात इस योजना को लेकर सबसे बड़ी चिंता रही है। सेना में भर्ती होने की तैयारी करने वाले युवा एक ऐसी नौकरी चाहते हैं, जिसमें लंबे समय तक काम कर सकें और परिवार की जिम्मेदारियां उठा सकें। चार साल बाद नौकरी खत्म होने का डर उनके लिए परेशानी बना हुआ था। अब दो साल और सेवा करने का मौका मिलने से उन्हें थोड़ी राहत जरूर मिलेगी।

सरकार ने अग्निपथ योजना क्यों शुरू की थी?

केंद्र सरकार ने साल 2022 में अग्निपथ योजना शुरू की थी। उस समय सरकार का कहना था कि इस योजना से सेना में जवानों की औसत उम्र कम होगी और सेना को ज्यादा युवा सैनिक मिलेंगे। इससे जवान नई तकनीक और बदलते समय की जरूरतों के हिसाब से काम कर सकेंगे।

वहीं सरकार का एक उद्देश्य सेना के वेतन और पेंशन पर होने वाले खर्च को कम करना भी था। योजना के तहत युवाओं को कम उम्र में सेना में भर्ती कर ट्रेनिंग देने और जरूरत के हिसाब से कुछ जवानों को नियमित सेवा में बनाए रखने की व्यवस्था की गई।

लेकिन योजना शुरू होने के बाद इसका विरोध भी हुआ। जिसमें कई युवाओं और सैन्य विशेषज्ञों का कहना था कि चार साल की नौकरी थोड़ा कम है। और भारतीय सेना में भर्ती होने वाले युवाओं को यह उम्मीद होती है कि उन्हें लंबे समय तक नौकरी करने का मौका मिलेगा।

सेना की नौकरी कई परिवारों के लिए बदल देती है जिंदगी

देखा जाए तो आज भी देश के छोटे शहरों और गांवों में सेना की नौकरी को आज भी काफी सम्मान के साथ देखा जाता है। कई युवा सालों तक भर्ती की तैयारी करते हैं। उनके लिए सेना में नौकरी मिलने का मतलब सिर्फ खुद की कमाई नहीं, बल्कि पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारना भी होता है।

वहीं रिटायर्ड मेजर जनरल यश मोर ने कहा कि सेना की नौकरी कई युवाओं के लिए गरीबी से बाहर निकलने और परिवार को बेहतर जिंदगी देने का रास्ता रही है। नौकरी मिलने के बाद वे अपने घर की जिम्मेदारियां संभाल सकते हैं और भविष्य के लिए बचत भी कर सकते हैं। लेकिन वहीं अग्निपथ योजना में चार साल बाद सेवा खत्म होने के नियम ने इसी उम्मीद पर सवाल खड़े किए थे।

सेना में जवानों की कमी भी बनी फैसले की वजह

बता दे कि भारतीय सेना में जवानों की कमी लंबे समय से बनी हुई है। पिछले साल नवंबर में इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में थलसेना में करीब 1.80 लाख जवानों की कमी बताई गई थी। ऐसे में सेना को भर्ती बढ़ाने के साथ-साथ जवानों की उपलब्धता बनाए रखने की जरूरत है।

दो साल अतिरिक्त सेवा का मौका मिलने से सेना उन अग्निवीरों को कुछ समय और अपने साथ रख सकेगी, जिन्हें चार साल बाद नियमित सेवा में जगह नहीं मिलती। इससे सेना को पहले से प्रशिक्षित जवानों का अनुभव भी मिलता रहेगा और जवानों की कमी को संभालने में मदद मिल सकती है।

चुनाव से पहले सरकार के फैसले पर उठे सवाल

अग्निपथ योजना में बदलाव को लेकर राजनीतिक चर्चा भी शुरू हो गई है। बता दें कि पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों से बड़ी संख्या में युवा भारतीय सेना में भर्ती होते हैं। इन राज्यों में सेना की नौकरी युवाओं के लिए रोजगार का एक बड़ा जरिया रही है।

वहीं कांग्रेस ने सरकार के इस फैसले को यू-टर्न बताया है। पार्टी ने आरोप लगाते हुए कहा कि आने वाले चुनावों को देखते हुए सरकार अग्निपथ योजना में बदलाव कर रही है। विपक्ष का कहना है कि युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों पर सरकार को पहले ही ध्यान देना चाहिए था।

Agniveer 2 Years Extension
अग्निवीरों का डेटा डार्क वेब पर बेचने की कोशिश, दिल्ली पुलिस ने 14 साल के किशोर को पकड़ा

दो साल की नौकरी बढ़ी, लेकिन स्थायी नौकरी की चिंता बरकरार

अग्निवीरों को दो साल और सेवा करने का मौका मिलने से उन्हें कुछ राहत जरूर मिलेगी। वे इस दौरान ज्यादा वेतन पा सकेंगे, सेना में काम करने का अनुभव बढ़ा सकेंगे और नियमित सैनिक बनने के लिए एक और मौका हासिल कर सकेंगे।

लेकिन जिन युवाओं का सपना सेना में स्थायी नौकरी करने का है, उनकी चिंता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। दो साल अतिरिक्त सेवा मिलने से नौकरी का समय जरूर बढ़ेगा, लेकिन स्थायी नियुक्ति की गारंटी नहीं मिलेगी। ऐसे में सरकार का यह फैसला अग्निवीरों को राहत तो देता है, लेकिन योजना को लेकर उठ रहे सवाल अभी भी बने हुए हैं।