

Highlights:
पुलिस, पत्रकारिता और मेडिकल जैसे क्षेत्रों में अनियमित ड्यूटी के कारण परिवार को समय देना मुश्किल हो सकता है।
एविएशन और मर्चेंट नेवी में लंबे समय तक घर से दूर रहने की चुनौती रहती है।
किसी पेशे से तलाक तय नहीं होता; आपसी संवाद और संतुलन रिश्तों के लिए अहम हैं।
Jobs Affecting Relationships: अच्छा करियर बनाने के लिए लोग दिन-रात मेहनत करते हैं। लेकिन कई बार काम का दबाव, लंबे वर्किंग आवर्स और अनियमित शिफ्ट का असर निजी जिंदगी पर भी पड़ने लगता है। खासकर उन लोगों के लिए परिवार को समय देना चुनौती बन जाता है, जिनकी नौकरी में देर रात तक काम करना, बार-बार यात्रा करना या लंबे समय तक घर से दूर रहना शामिल होता है।
ऐसे में पति-पत्नी के बीच बातचीत और साथ बिताने का समय कम हो सकता है, जिससे रिश्तों में तनाव बढ़ने की आशंका रहती है। हालांकि, किसी पेशे में काम करने का मतलब यह नहीं है कि शादीशुदा रिश्ता जरूर प्रभावित होगा। रिश्तों की मजबूती आपसी समझ, संवाद और परिस्थितियों से तालमेल पर भी निर्भर करती है। आइए जानते हैं ऐसे 5 प्रोफेशन के बारे में, जिनमें वर्क-लाइफ बैलेंस बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
बता दें कि कुछ नौकरियों में काम का समय तय नहीं होता, जबकि कुछ में लगातार मानसिक दबाव या लंबे समय तक घर से दूर रहने की स्थिति बनती है। ऐसे में काम और परिवार के बीच संतुलन बनाना आसान नहीं होता। इन चुनौतियों को समझना जरूरी है, ताकि व्यक्ति अपने करियर के साथ निजी जिंदगी को भी बेहतर तरीके से संभाल सके।
पत्रकारिता में काम करने वालों के लिए समय की पाबंदी कई बार बड़ी चुनौती बन जाती है। ब्रेकिंग न्यूज, चुनाव, बड़ी घटनाओं और फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान देर रात तक काम करना पड़ सकता है। कई बार त्योहारों और वीकेंड पर भी छुट्टी मिलना मुश्किल होता है।
न्यूजरूम में काम करने वाले पत्रकारों को भी खबरों की समयसीमा और लगातार बदलते घटनाक्रम के साथ तालमेल बिठाना पड़ता है। लंबे समय तक काम करने से थकान और मानसिक दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में परिवार के लिए समय निकालना मुश्किल हो जाता है। हालांकि, बेहतर शेड्यूल और परिवार के सहयोग से इस चुनौती को कम किया जा सकता है।
आपको पता होगा की पुलिस और सुरक्षा विभाग की नौकरी में जिम्मेदारियां काफी अधिक होती हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध से जुड़े मामलों की जांच करने और आपात स्थितियों में ड्यूटी देने के कारण कई बार कर्मचारियों को तय समय से ज्यादा काम करना पड़ता है।
त्योहारों, छुट्टियों और पारिवारिक कार्यक्रमों के दौरान भी ड्यूटी लग सकती है। ऐसे में परिवार के साथ समय बिताने की योजना बार-बार बदलनी पड़ती है। लगातार काम और तनाव के बीच अगर परिवार के साथ संवाद के लिए पर्याप्त समय न मिले, तो रिश्तों में परेशानी पैदा होने की संभावनाएं बनी रहती है।
पायलट और केबिन क्रू जैसे पेशेवरों को अलग-अलग समय पर ड्यूटी करनी पड़ सकती है। उड़ानों के शेड्यूल, लंबी यात्राओं और अलग-अलग टाइम जोन के कारण उनकी दिनचर्या सामान्य नौकरियों से अलग होती है।
कई बार उन्हें लगातार कई दिन घर से दूर रहना पड़ता है। अनियमित नींद और यात्रा की थकान भी निजी जिंदगी को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में पति-पत्नी के लिए एक-दूसरे के साथ समय तय करना मुश्किल हो सकता है। नियमित बातचीत और छुट्टियों की बेहतर योजना से इस समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है।
होटल, रेस्तरां और रिसॉर्ट में काम करने वाले कर्मचारियों को अक्सर शाम, रात और वीकेंड में ड्यूटी करनी पड़ती है। त्योहारों और छुट्टियों के दौरान जब ज्यादातर लोग परिवार के साथ समय बिताते हैं, तब इस क्षेत्र के कई कर्मचारियों के लिए काम का दबाव बढ़ जाता है।
शेफ, होटल मैनेजर और सर्विस स्टाफ को ग्राहकों की जरूरत के अनुसार लंबे समय तक काम करना पड़ सकता है। इस कारण परिवार के साथ छुट्टियां मनाने या किसी कार्यक्रम में शामिल होने की योजना प्रभावित हो सकती है। अगर काम का समय लगातार निजी जिंदगी से टकराता रहे, तो रिश्तों में तनाव बढ़ सकता है।
वहीं हम बात करें अगर डॉक्टरों, खासकर सर्जन, रेजिडेंट डॉक्टरों और इमरजेंसी विभाग में काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के जिम्मेदारी की जो काफी संवेदनशील होती है। मरीजों की स्थिति और अस्पताल की जरूरत के अनुसार उनकी ड्यूटी का समय बढ़ जाता है। इतना ही नहीं कई बार तो उन्हें रात में भी अस्पताल में रुकना पड़ता है।
लगातार सतर्क रहने और मरीजों की देखभाल की जिम्मेदारी के कारण शारीरिक थकान के साथ मानसिक दबाव भी बढ़ सकता है। ऐसे में घर लौटने के बाद आराम की जरूरत और परिवार के साथ समय बिताने की इच्छा के बीच संतुलन बनाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।