अरशद खान ( फाइल फोटो)
नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर वायरल हुए नीली आंखों वाले पाकिस्तानी अरशद खान रातों-रात करोड़पति बन गए हैं। चाय बेचने वाले अरशद को शार्क टैंक पर उनके कैफे के लिए उन्हें 10 मिलियन (1 करोड़) का ऑफर मिला है। अरशद खान ने बताया कि जब वह किसी और की चाय की दुकान पर काम कर रहे थे, तब भी उन्होंने हमेशा अपना खुद का कैफे खोलने का सपना देखा था। सूट पहने अरशद खान शार्क टैंक पाकिस्तान में दिखाई दिए, जहां उन्होंने जजों से अपने बिजनेस में निवेश करने का अनुरोध किया।
शो के जजों से बात करते हुए अरशद खान ने बताया कि इससे पहले उन्होंने कभी भी इस्लामाबाद से बाहर नहीं निकले थे। कई लोगों ने उन्हें अपना कैफे शुरू करने की सलाह दी थी। अरशद खान ने बताया कि उनके पहले स्टार्टअप कैफे की स्थिति 2020 में COVID के कारण काफी खराब थी। हालांकि, उन्होंने उसी साल अक्टूबर में इसे फिर से लॉन्च करने का फैसला किया। जिसके बाद उनका स्टार्टअप चल पड़ा और अच्छी कमाई होने लगी।
अरशद की सबसे दिलचस्प बात यह है कि वह अब पाकिस्तान में दो कैफे और इंग्लैंड में तीन और आउटलेट चलाते हैं, जो फ्रेंचाइजी मॉडल पर काम करते हैं। इन आउटलेट्स से उन्हें 35,000 पाकिस्तानी रुपये की रॉयल्टी मिलती है, जो मुनाफे का 5 फीसदी है। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य विदेशों में दक्षिण एशियाई समुदायों पर ध्यान केंद्रित करने और पाकिस्तानी संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ दुनिया भर में अधिक लाभदायक आउटलेट खोलना है। उन्होंने इस रणनीति के तहत लंदन में एक आउटलेट खोलने की योजना का जिक्र किया।
शो के दौरान शार्क जुनैद इकबाल और फैसल आफताब ने अरशद खान के स्टार्टअप की तारीफ की। लेकिन 1 करोड़ का निवेश करने से इनकार कर दिया। हालांकि, एक अन्य शार्क, रबील वाराइच ने अरशद खान को 24 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी के लिए 1 करोड़ की पेशकश की। दिलचस्प बात यह है कि खान को रोमाना दादा के साथ भी इतनी ही राशि में डबल-शार्क डील मिली।
शो में डील के दौरान एक शार्क उस्मान बशीर ने अन्य दो शार्क के साथ 30 प्रतिशत संयुक्त इक्विटी वाले सौदे के लिए ऑफर रखा। हालांकि, आखिरी में अरशद खान ने 1 करोड़ में 25 प्रतिशत इक्विटी के साथ डबल-शार्क से ऑफर हासिल कर लिया।