Stock Market Crash: खुलते ही लाल हुआ शेयर बाजार, लगातार सातवें दिन गिरावट जारी, सेंसेक्स 826 अंक तक फिसला

Stock Markets Today: भारतीय शेयर बाजार में लगातार सातवें कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही। सेंसेक्स 826 अंक तक फिसला, जबकि आईटी और एफएमसीजी शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली।
Share Market Crash
शेयर बाजार में गिरावट जारी(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • सेंसेक्स 826 अंक तक फिसला, निफ्टी 22,541 के स्तर तक पहुंचा

  • आईटी इंडेक्स 3.2% और एफएमसीजी इंडेक्स 1.63% गिरकर कमजोर रहे

  • निफ्टी का सपोर्ट 22,500–22,550 और रेजिस्टेंस 22,850–22,900 पर है

Share Market Crash: कमजोर वैश्विक संकेतों और आईटी व बैंकिंग शेयरों में बिकवाली के दबाव के बीच भारतीय शेयर बाजार बुधवार को भी गिरावट के साथ खुला। कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स और निफ्टी 50 में एक प्रतिशत तक की कमजोरी देखने को मिली। बाजार में यह लगातार सातवां कारोबारी सत्र है, जब गिरावट का सिलसिला जारी रहा।

कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर संबंधी फैसले से पहले निवेशकों की सतर्कता ने बाजार की धारणा को प्रभावित किया। बीएसई सेंसेक्स 345.23 अंक यानी 0.46% गिरकर 73,253.44 पर खुला। वहीं, निफ्टी 50 में 71.75 अंक यानी 0.32% की गिरावट आई और यह 22,678.00 पर खुला। बैंक निफ्टी भी 181.65 अंक यानी 0.34% टूटकर 53,793.25 पर पहुंच गया।

कारोबार के दौरान सेंसेक्स 826 अंक तक फिसला

दिन के कारोबार में सेंसेक्स अपने पिछले बंद स्तर 73,598.67 से 826.19 अंक यानी 1.12% गिरकर 72,772.48 के निचले स्तर तक पहुंच गया। दूसरी ओर, निफ्टी 50 अपने पिछले बंद 22,749.75 से 209.05 अंक यानी 0.91% टूटकर 22,540.70 के दिन के निचले स्तर पर आ गया।

व्यापक बाजार में मिला-जुला रुख रहा। निफ्टी मिडकैप 100 में 0.41% की गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.6% की बढ़त रही।

Share Market Crash
Gold Rate Today: धनतेरस से पहले फिसला सोना, 24 कैरेट गोल्ड ₹1.43 लाख के करीब; सिल्वर भी हुई सस्ती

IT और FMCG शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट

सेक्टरवार कारोबार में निफ्टी ऑटो को छोड़कर अन्य सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में रहे। निफ्टी ऑटो में 0.36% की तेजी आई। वहीं, निफ्टी आईटी 3.2% और निफ्टी एफएमसीजी 1.63% गिरकर सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाले सेक्टरों में शामिल रहे।

विश्लेषकों के मुताबिक, निवेशकों की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले और कंपनियों के तिमाही नतीजों पर रहेगी। इन घटनाक्रमों से बाजार की दिशा और उतार-चढ़ाव प्रभावित हो सकते हैं।

निफ्टी और बैंक निफ्टी के अहम स्तर

पिछले कारोबारी सत्र में निफ्टी 0.02% गिरकर 22,749 पर बंद हुआ था। शुरुआती सुधार के बाद मुनाफावसूली से इसमें कमजोरी आई। निफ्टी के लिए 22,500–22,550 का स्तर तत्काल सपोर्ट, जबकि 22,850–22,900 का स्तर रेजिस्टेंस माना जा रहा है। बैंक निफ्टी पिछले सत्र में 0.72% गिरकर 53,974 पर बंद हुआ। इसके लिए 53,800–54,000 का सपोर्ट और 54,600–54,800 का रेजिस्टेंस अहम स्तर हैं।

Share Market Crash
Jio IPO Allotment Status: जियो आईपीओ के शेयर मिले या नहीं? घर बैठे 1 मिनट में ऐसे चेक करें अलॉटमेंट

एशियाई और अमेरिकी बाजारों का हाल

एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई इंडेक्स 0.87%, शेन्ज़ेन इंडेक्स 2.19%, जापान का निक्केई 1.26% और हांगकांग का हैंग सेंग 0.38% चढ़ा। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 6.2% की तेजी रही। अमेरिकी बाजार भी पिछली रात बढ़त के साथ बंद हुए। नैस्डैक 1.18%, एसएंडपी 500 0.6% और डाउ जोंस 0.03% ऊपर रहा। -एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live
navbharatlive.com