उधर सीजफायर की घोषणा...इधर पाकिस्तानी शेयर बाजार में ऐतिहासिक उछाल, 12000 अंक चढ़ा कराची इंडेक्स; दुनिया हैरान

Pakistan Stock Market: डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, यह रैली केएसई-100 इंडेक्‍स के इतिहास में एक दिन में हुई सबसे बड़ी तेजी है। पाकिस्तानी शेयर बाजार में एतिहासिक उछाल देख दुनिया दंग है।
pakistan stock exchange historical surge
पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pakistan Stock Market High Record: मिडिल ईस्ट में पिछले 40 दिनों से जारी संकट के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ने युद्धविराम की घोषणा कर दी है। इसके बाद से दुनिया के सभी शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली। वहीं, पाकिस्तानी शेयर बाजार में ऐतिहासिक उछाल देखा गया। बुधवार को पाकिस्‍तानी स्‍टॉक मार्केट 12000 अंक चढ़ गया और इसके बाद भी रैली जारी रही। इधर, भारतीय बाजार में भी शानदार रैली देखने को मिली।

बीएसई सेंसेक्स करीब 3000 अंक और निफ्टी 23997 अंक के ऊपर बंद हुआ। इसके साथ ही कोस्‍पी 7 फीसदी, निक्‍केई 5 फीसदी समेत पूरे एशियाई मार्केट में रैली छाई रही, लेकिन पाकिस्‍तान में सबसे ज्‍यादा तेजी देखी गई।

सीजफायर की घोषणा का असर

यह तेजी तब आई है, जब ईरान और अमेरिका में 2 हफ्तों के लिए सीजफायर पर सहमति बनी है। ऐसे में ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में 13 फीसदी से ज्‍यादा की गिरावट रही। साथ ही नेचुरल गैस प्राइस के भाव में भी गिरावट आई है। पाकिस्तान के स्‍थानीय अखबार डॉन के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम की खबरों से निवेशकों का सेंटीमेंट बढ़ने के बाद, पाकिस्तान के बेंचमार्क स्टॉक इंडेक्स ने 8 अप्रैल को इंट्राडे कारोबार के दौरान सबसे बड़ी तेजी दर्ज की, जिसमें 12,000 से ज्‍यादा अंकों की तेजी हुई है।

इतिहास की सबसे बड़ी उछाल

डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज का KSE-100 इंडेक्‍स सुबह 9:37 बजे 12,362.38 अंक या 8.15 प्रतिशत बढ़कर 164,035.83 पर पहुंच गया। इस तेज उछाल के बाद एक्सचेंज के नियमों के अनुरूप कारोबार निलंबित कर दिया गया। डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, यह रैली केएसई-100 इंडेक्‍स के इतिहास में एक दिन में हुई सबसे बड़ी तेजी है। इंटरनेशनल मीडिया रिपोर्टों में बयानों के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह ईरान पर बमबारी और हमले को दो सप्ताह की अवधि के लिए निलंबित कर देंगे, बशर्ते ईरान जलडमरूमध्य को पूरी तरह, तत्काल और सुरक्षि रूप से फिर से खोलने का आश्वासन दे। इसके बाद ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पुष्टि की है कि तेहरान दो सप्ताह के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित आवागमन की अनुमति देगा।

जियो-पॉलिटिकल टेंशन के बीच उछाल

वेस्‍ट एशिया में बढ़ते जियो-पॉलिटिकल तनाव से जुड़ी पाकिस्‍तानी शेयर बाजार में अस्थिरता के दौर के बाद यह तेज उछाल आया है। डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, 7 अप्रैल को कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बाद केएसई-100 इंडेक्‍स 465.64 अंक ऊपर बंद हुआ था, लेकिन आज पाकिसतानी शेयर बाजार में एक दिन के दौरान सबसे बड़ी रैली देखी गई है।

एक दिन की सबसे तेज गिरावट

एक्‍सपर्ट्स का कहना है कि यह तेजी शुरुआती दौर में आई गिरावट के बाद रिकवरी है। संघर्ष के शुरुआती दौर में भी शेयर बाजार को भारी नुकसान हुआ था। डॉन अखबार के अनुसार, 2 मार्च को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद, केएसई-100 में 16,089 अंकों या 9.57 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जो एक दिन में सबसे तेज गिरावट थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com