

सोने में चीन से आयातित रेनियम और इरिडियम मिलाकर शुद्धता बढ़ाए बिना वजन बढ़ाने की खबरें सामने आई हैं।
आल इंडिया जेम एंड ज्वेलरी डोमेस्टिक काउंसिल ने कारोबारियों और ग्राहकों को सावधानी बरतने को कहा है।
इस तरह की मिलावट से गहनों के असली वजन व शुद्धता को लेकर भ्रम पैदा होने से खरीदारी पर असर पड़ सकता है।
Rhenium and Iridium in Gold Jewellery Alert: सोने के आभूषणों का वजन बढ़ाने के लिए उसमें चाइना से आयातित रेनियम और इरिडियम जैसी दूसरी धातुओं की मिलावट किए जाने की खबरों के बीच आभूषण उद्योग संगठन आल इंडिया जेम एंड ज्वेलरी डोमेस्टिक काउंसिल (GJC) ने भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) को आगाह करने के साथ कारोबारियों और ग्राहकों से सावधानी बरतने को कहा है।
मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, रेनियम और इरिडियम जैसी धातुओं को सोने में मिलाकर उसकी शुद्धता बढ़ाए बिना वजन बढ़ाया जा सकता है। ऐसे में खरीदार को आभूषण के वास्तविक वजन और शुद्धता के अनुपात के बारे में गलत जानकारी मिल सकती है और उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
जेम एंड ज्वेलरी डोमेस्टिक काउंसिल के चेयरमैन राजेश रोकड़े ने एक बयान में कहा कि सोने में रेनियम और इरिडियम जैसी धातुओं के संभावित गलत इस्तेमाल से जुड़ी खबरें आई हैं। हम पूरे आभूषण उद्योग और सोने के सभी खरीदारों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। भारतीय मानक ब्यूरो इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है।
जेम एंड ज्वेलरी डोमेस्टिक काउंसिल के चेयरमैन ने कहा कि अभी तक ऐसी मिलावट का कोई मामला नहीं दिखा है, लेकिन बतौर सावधानी हमने कारोबारियों और ग्राहकों से मिलावट या धोखाधड़ी का कोई भी मामला सामने आने पर जीजेसी अथवा सीधे बीआईएस में शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।
इसके साथ ही हमने आभूषण कारोबारियों को विनिर्माताओं, थोक विक्रेताओं और आपूर्तिकर्ताओं से खरीदे गए सोने की गुणवत्ता की कड़ी जांच करने को कहा है।
जीजेसी ने ग्राहकों से भी अपील की है कि वे कम बनावट शुल्क के लालच में न आएं और भरोसेमंद दुकानदारों से ही आभूषण खरीदें। इसके अलावा बीआईएस केयर ऐप के जरिये हॉलमार्क की जानकारी की पुष्टि करें और खरीदारी के समय ज्वेलर्स से जीएसटी वाला बिल अवश्य लें।