पहले राष्ट्रपति से मुलाकात, फिर संसद के बाहर फोटो सेशन और…यहां देखें बजट-डे पर वित्त मंत्री का पूरा शेड्यूल
Budget 2026: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार नौवां बजट पेश कर देश के संसदीय इतिहास में एक नया रिकॉर्ड दर्ज करने वाली हैं। आइए जानते हैं बजट-डे पर निर्मला सीतारमण का पूरा शेड्यूल क्या रहने वाला है।
- Written By: अर्पित शुक्ला
फाइल फोटो (Image- Social Media)
Union Budget 2026: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को सुबह 11 बजे लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026 पेश करेंगी। इसके साथ ही वह लगातार नौवां बजट पेश कर देश के संसदीय इतिहास में एक नया रिकॉर्ड बनाने जा रही हैं। ऐसे में बजट-डे को लेकर यह जानना दिलचस्प है कि इस दिन वित्त मंत्री का पूरा कार्यक्रम कैसा रहता है।
अब तक चली आ रही परंपरा के मुताबिक, बजट-डे पर वित्त मंत्री सुबह करीब 8.30 बजे अपने आवास से निकलकर वित्त मंत्रालय पहुंचती हैं। इसके बाद लगभग 9 बजे वह अपनी बजट टीम के साथ वित्त मंत्रालय के बाहर पारंपरिक फोटो सेशन कराती हैं। इसके कुछ ही देर बाद निर्मला सीतारमण राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने राष्ट्रपति भवन जाती हैं। इसके बाद कैबिनेट की बैठक होती है, जिसमें बजट को अंतिम मंजूरी दी जाती है।
संसद भवन पहुंचने पर फोटो सेशन
संसद भवन पहुंचने पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उनकी टीम का मीडिया के सामने एक बार फिर फोटो सेशन होता है। इसके बाद ठीक 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होती है। स्पीकर के संबोधन के बाद वित्त मंत्री खड़े होकर बजट भाषण पेश करती हैं। भाषण के शुरुआती हिस्से में सरकार की उपलब्धियों और प्रमुख आंकड़ों का जिक्र किया जाता है, जिसके बाद बजट से जुड़े अहम ऐलान सामने आते हैं।
सम्बंधित ख़बरें
Corporate Rules 2026: जेपीसी ने घटाया पेनल्टी का बोझ, MD बनने की उम्र अब 18 साल
Income Tax: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बड़ा आदेश, इनकम टैक्स चोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई
मोहन सरकार का पहला अनुपूरक बजट पेश, 7,765.76 करोड़ रुपये का प्रावधान, आज होगी विधानसभा में चर्चा
PM मोदी ने की ‘एक जिला, एक उत्पाद’ की सराहना, बोले- शिल्प परंपरा से बढ़ेगा आर्थिक विकास
बजट भाषण खत्म होने के बाद केंद्रीय वित्त मंत्री, वित्त राज्य मंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मीडिया से बातचीत करते हैं। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में बजट से जुड़े सवालों के जवाब दिए जाते हैं और प्रमुख बिंदुओं को विस्तार से समझाया जाता है। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सरकार के अन्य नेता बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हैं, वहीं विपक्ष की ओर से भी प्रतिक्रियाएं सामने आती हैं।
यह भी पढ़ें- Budget History: सूटकेस से टैबलेट तक, तस्वीरों में देखें भारतीय बजट के बदलने की पूरी कहानी
कहां और कैसे देखें बजट?
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बजट भाषण सुबह 11 बजे से लाइव प्रसारित होगा। इसे संसद टीवी और डीडी न्यूज पर देखा जा सकता है। इसके अलावा इन चैनलों के यूट्यूब प्लेटफॉर्म और प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) के यूट्यूब चैनल पर भी लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी।
बजट भाषण के कुछ देर बाद बजट से जुड़े सभी दस्तावेज indiabudget.gov.in और PIB की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाते हैं। बजट को आसान भाषा में समझने के लिए नवभारत लाइव की वेबसाइट पर भी विजिट किया जा सकता है, जहां बजट के हर अहम पहलू और उसके असर को विस्तार से समझाया जाएगा।
