

मोनोमार्क इंजीनियरिंग इंडिया लिमिटेड 175 करोड़ रुपये का IPO लेकर आ रही है।
कंपनी ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर का मूल्य दायरा 60 से 65 रुपये रखा है।
यह पब्लिक इश्यू निवेश के लिए 2 दिसंबर से 4 दिसंबर 2026 तक खुला रहेगा।
Monomark Engineering (India) Limited IPO Review: शेयर बाजार में IPO लाने वाली कंपनियां अक्सर अपने कारोबार की मजबूती बताने के लिए बड़े ग्राहकों, लंबे कारोबारी रिश्तों और मजबूत ऑर्डर बुक का हवाला देती हैं। मोनोमार्क इंजीनियरिंग इंडिया लिमिटेड के मामले में ये बातें महज दावे नहीं, बल्कि कंपनी के कारोबारी सफर का अहम हिस्सा हैं।
वेदांता, अदाणी, टाटा, एलएंडटी और आदित्य बिड़ला जैसे बड़े औद्योगिक घरानों के साथ कंपनी के कारोबारी रिश्ते उसकी एक बड़ी ताकत हैं। दो दशक पुरानी मोनोमार्क इंजीनियरिंग अब IPO के जरिए पूंजी बाजार से 175.50 करोड़ रुपये जुटाने जा रही है।
चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) के पहली पीढ़ी के उद्यमी नरेंद्र चोरड़िया ने वर्ष 1985 में इस कारोबार की नींव रखी थी। करीब दो दशक के कारोबारी अनुभव के बाद वर्ष 2005 में मोनोमार्क इंजीनियरिंग (इंडिया) लिमिटेड का गठन किया गया। कंपनी औद्योगिक इकाइयों के संचालन एवं रखरखाव (O&M), मेटल फैब्रिकेशन और औद्योगिक परियोजनाओं के क्रियान्वयन का काम करती है। आसान शब्दों में कहें तो बड़े कारखानों में मशीनों का संचालन, मरम्मत और रखरखाव करने से लेकर भारी मशीनरी की स्थापना और परियोजनाओं के निर्माण तक की सेवाएं देती है।
कंपनी के पास 232 औद्योगिक वाहन और मशीनों का अपना बेड़ा है। राजस्थान के कपासन में 4,000 मीट्रिक टन सालाना क्षमता वाली फैब्रिकेशन यूनिट भी है। 30 सितंबर 2026 तक कंपनी के पास 28 चालू परियोजनाएं थीं और ऑर्डर बुक करीब 1,762 करोड़ रुपये का था। कंपनी में कुल 7,608 कर्मचारी कार्यरत थे। मौजूदा कारोबार और ऑर्डर बुक को देखते हुए कंपनी के पास भविष्य में कारोबार बढ़ाने की अच्छी गुंजाइश दिखाई देती है।
कंपनी की कुल आमदनी में हिंदुस्तान जिंक की हिस्सेदारी वित्त वर्ष 2026 में 35 फीसदी रही, जबकि शीर्ष पांच ग्राहकों से 79 फीसदी आमदनी आई। जून 2026 तिमाही में हिंदुस्तान जिंक से 41 फीसदी और शीर्ष पांच ग्राहकों से 91 फीसदी आमदनी हुई। पहली नजर में यह निर्भरता जरूर अधिक दिखाई देती है, लेकिन कंपनी का मानना है कि बड़े औद्योगिक ग्राहकों के साथ लंबे समय से बने कारोबारी रिश्ते उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं।
औद्योगिक सेवाओं के कारोबार में ग्राहक का भरोसा और लंबे समय तक काम करने का अनुभव नए ऑर्डर हासिल करने में अहम भूमिका निभाता है। कंपनी के मुताबिक, इन रिश्तों के बूते उसे लगातार काम और कारोबार बढ़ाने के मौके मिलते रहे हैं। लिहाजा, इन बड़े ग्राहकों के साथ उसकी मजबूत पकड़ को एक कारोबारी खूबी के तौर पर भी देखा जाना चाहिए।
वित्त वर्ष 2026 में कंपनी की बिक्री 18 फीसदी बढ़कर 564.74 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो पिछले वर्ष 477.29 करोड़ रुपये थी। इसी दौरान शुद्ध मुनाफा 18.21 करोड़ रुपये से बढ़कर 25.90 करोड़ रुपये हो गया। यानी मुनाफे में करीब 42 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, शुद्ध लाभ मार्जिन 4.61 फीसदी ही रहा।
कंपनी का मानना है कि कामकाज में बेहतर कार्यक्षमता, संसाधनों के अधिकतम इस्तेमाल और परिचालन में सुधार के जरिए आने वाले समय में लाभ मार्जिन को और बेहतर बनाया जा सकता है। यदि कंपनी बढ़ते कारोबार के साथ लागत पर नियंत्रण रखने में कामयाब रहती है तो मुनाफे में बढ़ोतरी की रफ्तार और तेज हो सकती है।
कंपनी 2 से 4 दिसंबर 2026 तक IPO के जरिए 175.50 करोड़ रुपये जुटाएगी। पूरा इश्यू फ्रेश शेयरों का है और इसमें कोई ऑफर फॉर सेल नहीं है। यानी प्रमोटर अपनी हिस्सेदारी बेचकर पैसा बाहर नहीं निकाल रहे हैं। IPO के बाद कंपनी की कुल शेयर संख्या 6.90 करोड़ से बढ़कर 9.60 करोड़ हो जाएगी। जिसमें प्रमोटरों की हिस्सेदारी 65 फीसदी रहेगी। आईपीओ में शेयर का प्राइस बैंड 60 से 65 रुपये और लॉट साइज 225 शेयर है। खुदरा निवेशक को ऊपरी कीमत पर कम से कम 14,625 रुपये लगाने होंगे।
ऊपरी मूल्य पर कंपनी का पोस्ट-IPO बाजार पूंजीकरण करीब 624 करोड़ रुपये और P/E अनुपात लगभग 24 गुना बैठता है। कंपनी का यह मूल्यांकन फिलहाल संबंधित सूचीबद्ध कंपनियों के मुकाबले लगभग समान स्तर पर दिखाई देता है। ऐसे में इसे बहुत सस्ता IPO तो नहीं कहा जा सकता, लेकिन मजबूत औद्योगिक ग्राहक आधार, करीब 1,762 करोड़ रुपये का ऑर्डर बुक और कारोबार विस्तार की संभावनाएं इसे मध्यम से लंबी अवधि के निवेश के लिहाज से दिलचस्प बना सकती हैं। बशर्ते कंपनी अपने ऑर्डर को समय पर पूरा करे और बेहतर कार्यक्षमता के जरिए मुनाफे का मार्जिन बढ़ाने में सफल रहे।